उत्तर प्रदेशशहर और राज्य

भागने की फिराक में था जेएचवी शूटआउट का मुख्य आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बनारस के सबसे बड़े मॉल में फायरिंग करने का मुख्य आरोपी आलोक उपाध्याय को पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। मॉल में हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी वहीं दो लोग घायल हो गए थे।

खबर थी कि आलोक उपाध्याय बनारस से भागने की फिराक में था। पुलिस को सूचना इस बात की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस सादे कपड़ों में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैंट पुलिस और क्राइम ब्रांच ने उसे कैंट रेलवे स्टेशन से दबोच लिया।
आलोक की गिरफ्तारी की सूचना पर उसका पिता अवधेश उपाध्याय थाने पहुंचा और हंगामा करने लगा। उसने पुलिस को आत्मदाह करने की धमकी भी दी।

सूत्रों के मुताबिक दोनों पिता-पुत्र कोर्ट में सरेंडर करने लखनऊ जा रहे थे। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
आलोक को क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने गिरफ्तार किया। आलोक के भागने के कारण और धक्का देने के कारण ट्रेन के गेट में दब कर विक्रम सिंह घायल हो गए। पुलिस ने आलोक उपाध्याय को फरक्का एक्सप्रेस से पकड़ा।

आलोक पर वाराणसी पुलिस ने 25 हजार का इनाम रखा था। जेएचवी हत्याकांड में अब तक दो गिरफ्तारी हो चुकी है। तीन दिन पहले पुलिस ने हत्याकांड के एक आरोपी रोहित को सारनाथ इलाके से गिरफ्तार किया था।
जेएचवी में अंधाधुंध फायरिंग करने वाले बिहार के कुंदन व ऋषभ अब भी फरार चल रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक पिता अवधेश बेटे आलोक को लेकर आरा बिहार से ट्रेन से लखनऊ सरेंडर कराने जा रहा था।
बता दें कि जेएचवी मॉल में बीते बुधवार को काशी विद्यापीठ के छात्र आलोक व उसके साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग करके सुनील गौड़ व गोपी कन्नौजिया की हत्या कर दी थी। गोलीबारी में दो कर्मचारी विशाल व चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।