दिल्लीपुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: बालासाहेब थोरात बोले- रिमोट कंट्रोल से नहीं चलती तीन दलों की सरकार

मुंबई: राज्य की ठाकरे सरकार के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने कहा है कि महाविकास आघाडी सरकार किसी रिमोट कंट्रोल से नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि तीन दलों की सरकार न्यूनतम साझा कार्यक्रम से चल रही है। एक दिन पहले बुधवार को पुणे में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक कार्यक्रम में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की जमकर तारीफ की थी।
गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में थोरात के प्रेस कांफ्रेस के दौरान जब उनसे यह पूछा गया कि क्या राज्य सरकार का रिमोट राकांपा अध्यक्ष पवार के पास है? इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह जवाब दिया।

उपमुख्यमंत्री पद चाहती है कांग्रेस
मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए थोरात ने कहा कि यह कब होगा? इस बारे में बताने का अधिकार मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को है। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस उपमुख्यमंत्री पद की मांग कर रही है? उन्होंने कहा कि आप यह बात लिख सकते हैं। उन्होंने इस बात से इंकार किया कि कांग्रेस के संभावित मंत्रियों की सूची तैयार नहीं है। पहले कहा जा रहा था कि कांग्रेस के मंत्रियों की सूची तैयार नहीं है, इस वजह से कैबिनेट का विस्तार लटक रहा है। यह पूछे जाने पर मंत्रिमंडल विस्तार 24 दिसंबर को होने वाला था पर क्यों नहीं हो सका? थोरात ने कहा कि विधानमंडल का अधिवेशन 21 दिसंबर को खत्म हुआ था और प्रशासनिक अधिकारियों की इच्छा थी कि उन्हें कम से कम 48 घंटे का वक्त मिलना चाहिए।

28 दिसंबर को संविधान बचाओ मोर्चा
कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर 28 दिसंबर को सुबह 10 बजे से मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान से गिरगांव चौपाटी तक भारत बचाओ-संविधान बचाओ मोर्चा निकाला जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थोरात ने कहा कि इस मार्च में सभी लोकतांत्रिक धर्मनिरपेक्ष संगठन, कार्यकर्ता और आम नागरिकों से भाग लेने का आव्हान किया गया है। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। कांग्रेस ने राष्ट्रीय एकता की अलख जलाकर आजादी की जंग में हिस्सा लिया, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र विरोधी और संविधान विरोधी तरीके से काम कर रही है।