ब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

सीएम पद की शपथ लेते ही हेमंत सोरेन का बड़ा फैसला, पत्‍थलगड़ी मामले में दर्ज हजारों केस लिए जाएंगे वापस

रांची: झारखंड के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ घंटों बाद ही हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है। उन्‍होंने कहा है कि पत्‍थलगड़ी मामले में जिन लोगों पर देशद्रोह के मुकदमे दर्ज हैं, सरकार उन्‍हें वापस लेगी। मालूम हो कि पत्‍थलगड़ी मामले में हजारों लोगों पर देशद्रोह का केस दर्ज है। सोरेन ने इसके अलावा अन्‍य भी निर्णय लिए। आगामी 6 से 8 जनवरी 2020 तक झारखंड विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जाएगा। इसके लिए स्‍टीफन मरांडी को प्रोटेम स्‍पीकर बनाया गया है। इस विशेष सत्र में राज्‍य के नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। 7 जनवरी को यहां विधानसभा के अध्‍यक्ष को चयनित किया जाएगा। इसी दिन राज्‍यपाल द्रोपदी मुर्मु का अभिभाषण भी होगा। सत्र में वित्‍तीय वर्ष 2019-2020 के लिए दूसरा अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।

2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे सोरेन
हेमंत सोरेन पहली बार भी कांग्रेस और राजद के समर्थन से 2013 में मुख्यमंत्री बने थे। जबकि इसके पहले 2010 में उपमुख्यमंत्री बने थे। वहीं, आलम और ऊरांव पहली बार मंत्री बने हैं। भोक्ता राजद में आने से पहले 2000 और 2005 के बीच भाजपा नीत राजग सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं।