ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: पत्नी की हत्या कर भागा बांग्लादेशी लौटने के बाद गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर

मुंबई: दो साल पहले अपनी पत्नी का खून कर बांग्लादेश भागे एक 45 वर्षीय आरोपी को ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने उस वक्त दबोचा जब वह वापस ठाणे पहुंचा था। पकड़े गए आरोपी को वालीव पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां आरोपी की पत्नी का कंकाल मिलने के बाद इसी साल मार्च महीने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी का नाम महाबुबुर रहमान शेख है।
ठाणे पुलिस की अपराध शाखा में तैनात पुलिस कांस्टेबल संभाजी मोरे को शेख के दोबारा भारत आने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसे जाल बिछाकर ठाणे रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा गया। शेख बांग्लादेश के नौडाइल जिले में स्थित कोलाबाडिया का रहने वाला है। रोजी रोटी की तलाश में वह अपनी दो पत्नियों और बच्चों के साथ चोरी छिपे भारत आया था। इंस्पेक्टर रणवीर बयेस ने बताया कि आरोपी की दोनों पत्नियों में झगड़ा होता रहता था। इस बात से परेशान होकर उसने अपनी दूसरी पत्नी पॉली की साल 2017 के दिसंबर महीने में गला दबाकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने पॉली का शव कपड़े में लपेटकर मुंबई अहमदाबाद हाइवे पर स्थित तातीवली में एक पुल से खाईं में फेंक दिया था और बांग्लादेश भाग गया था। इसी साल 31 मार्च को किसी ने कंकाल देखने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। कांस्टेबल मोरे को आरोपी के बारे में जानकारी मिली और उसे दबोच लिया गया। वालीव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर विलास चौगुले ने बताया कि आरोपी ने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 6 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।