ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: शिवभक्तों ने पेब किले पर पार्टी कर रहे 11 युवाओं के कपड़े उतरवाकर माफ़ी मंगवाई, 10 लोगों पर मामला दर्ज

मुंबई: मुंबई के हिल स्टेशन माथेरान के पेब किले (विकटगढ़) पर नए साल के दौरान शराब पार्टी कर रहे 11 युवाओं पर श्री शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। उन्हें न सिर्फ कई घंटे बंधक बनाकर रखा गया, बल्कि उनके कपड़े उतरवाकर उनसे मांफी भी मंगवाई गई।
1 जनवरी की रात 1 से 3 बजे के बीच हुई इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। गुरुवार को नेरुल पुलिस ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिवभक्तों का आरोप है कि पेब किला उनके लिए एक धार्मिक स्थल है और ये सभी यहां शराब और गांजा पार्टी कर रहे थे। वीडियो में पीड़ितों में से कुछ लोग इस बात को स्वीकार करते भी नजर आ रहे हैं। इस मामले पर वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर अविनाश पाटिल ने कहा, मामला दर्ज कर लिया गया है। किसी भी सूरत में मारपीट गलत है।

शिव प्रतिष्ठान सेना भीमा कोरेगांव हिंसा में भी आरोपी
श्री शिव प्रतिष्ठान राईटविंग नेता संभाजी भिड़े की पार्टी बताई जाती है। यह पार्टी भीमा-कोरेगांव हिंसा में भी आरोपी है। मारपीट करने वालों ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 506 (2) के तहत केस दर्ज किया है। कल्याण शाखा के प्रमुख अतुल भंडवालकर पाटिल ने कहा- हमने लोगों से किले पर किसी भी तरह की शराब पार्टी करने से मना किया है। उन्होंने कहा कि वे भी पता कर रहे हैं कि इस घटना को किसने अंजाम दिया है।

एएसआई के तहत नहीं आता यह किला
सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन बॉम्बे निषेध अधिनियम 1949 की धारा 140 के तहत निषिद्ध है। विकटगढ़ किले को न तो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और न ही महाराष्ट्र पुरातत्व निदेशालय द्वारा नियंत्रित किया जाता है। केवल जिला कलेक्टर के पास ही इस पर निगरानी का अधिकार है। यहां होने वाली किसी भी गतिविधि पर उनके पर कार्रवाई का अधिकार है।

देवी पेब के नाम से पड़ा इसका नाम
पेब किला या विकटगढ़ के बारे में कहा जाता है कि यह देवी पेब का निवास स्थान है। इसका निर्माण छत्रपति शिवाजी महाराज के काल में हुआ था। इसके एक कोने में एक मंदिर भी है। यह ट्रैकिंग करने वालों की पसंदीदा जगह है।