दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में जेएनयू हिंसा के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन…

मुंबई: राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रविवार रात हुई हिंसा के खिलाफ मुंबई में भी जमकर विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर जुटे लोगों ने जेएनयू घटना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हमले के दोषियों को पकड़ने की मांग की। सोमवार शाम को यह प्रदर्शन जोर पकड़ने लगा। प्रदर्शन के दौरान हाथ में तिरंगा और ‘कश्मीर की आजादी’ की मांग करते पोस्टर भी लहराते दिखे, जो हैरान करने वाला है। इससे पहले जेएनयू स्टूडेंट्स पर हुए हमले के विरोध में हुतात्मा चौक से गेटवे तक मार्च निकाला गया। इसमें आईआईटी बॉम्बे, टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंस के अलावा कई दूसरे शैक्षणिक संस्थानों के स्टूडेंट्स शामिल हुए। विरोध-प्रदर्शनों में मशहूर फिल्‍मी हस्तियां भी नजर आईं।
प्रदर्शन में शामिल एक स्टूडेंट्स ने कहा कि आज ये जेएनयू के साथ हुआ, कल किसी और के साथ होगा और फिर हमारे साथ भी हो सकता है। ऐसे में इसके खिलाफ आवाज उठानी जरूरी है। रैली के दौरान ‘हमें चाहिए आज़ादी’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’, ताना ‘शाह’ मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए गए।

फिल्‍मी हस्तियां भी पहुंचीं प्रदर्शन में
हुतात्मा चौक से गेटवे के लिए जॉइंट ऐक्शन कमिटी फॉर सोशल जस्टिस के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में सैकड़ों लोग शमिल हुए। तकरीबन एक घंटे के बाद हुतात्मा चौक से निकली रैली गेटवे ऑफ इंडिया पर पहुंची तो लगभग दो हजार स्टूडेंट्स, अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं के अलावा फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां भी शामिल हुईं। गेटवे ऑफ इंडिया पर हुए विरोध प्रदर्शन में अनुभव सिन्हा, अनुराग कश्यप, दीया मिर्जा, जोया अख्तर, राहुल बोस, विशाल भारद्वाज, तापसी पन्नू, हंसल मेहता पहुंचे थे।