दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: ‘फ्री कश्मीर’ का पोस्टर लेकर सुर्खियों में आईं, महक बोलीं- मैं कश्मीरी नहीं हूं, मराठी हूं…

मुंबई: राजधानी दिल्ली में (जेएनयू) कैम्पस में हुए हमले के विरोध में गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन के दौरान सोमवार रात एक लड़की हाथ में ‘फ्री कश्मीर’ का पोस्टर लेकर नजर आईं थी। लड़की पर मुंबई पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मीडिया के कैमरों ने उसे कैद किया और कुछ ही घंटों में वह सोशल मीडिया की सुर्खियों में आ गई। लोग बिना उनका पक्ष जाने उसे ‘देशद्रोही’ तक कहने लगे। समाचार चैनलों के माध्यम से लड़की को भी इसकी जानकारी हुई तो वह खुद सामने आई और सोशल मीडिया में एक वीडियो पोस्ट कर अपनी सफाई दुनिया के सामने रखी।

महक की सफाई
‘फ्री कश्मीर’ का प्लेकार्ड दिखाने के बाद विवादों में आईं महक ने कहा, ‘मेरा नाम महक है। मैं मुंबई में रहती हूं और मैं लेखक हूं। ‘फ्री कश्मीर’ पोस्टर पर मैंने कई प्रतिक्रियाएं देखी हैं। इस प्लेकार्ड की गलत व्याख्या की जा रही है। सोमवार को मैं 7 बजे के करीब गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंची। हम जेएनयू के छात्रों के समर्थन में नारे लगा रहा थे। मैनें देखा कि कुछ लोग प्लेकार्ड बना रहे हैं। वहां पर एनआरसी, सीएए और हर विषय पर प्लेकार्ड बन रहे थे। वहां पर एक प्लेकार्ड था जिस पर ‘फ्री कश्मीर’ लिखा था। मैं कश्मीरी नहीं हूं, मैं मराठी हूं…प्लेकार्ड को लेकर जो बातें कहीं जा रही हैं वे पूरी तरह से गलत हैं।
महक ने आगे कहा, गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन के दौरान एक पोस्टर उठाया था। यह पोस्टर वहां ही पड़ा था। मैंने इसे सिर्फ इसलिए उठाया था क्योंकि मैं कश्मीर में इंटरनेट और मोबाइल सेवा बहाल करने की बात कहना चाह रही थी। मैं कश्मीरी नहीं बल्कि मुंबई की रहने वाली हूं। मैं किसी गैंग का हिस्सा नहीं हूं।

टेड टॉक जैसे शो में आ चुकी हैं नजर
हाथ में ‘फ्री कश्मीर’ का पोस्टर लेकर नजर आईं लड़की का नाम महक मिर्जा प्रभु है। सोशल मीडिया में उन्हें पहले कश्मीरी बताया गया। लेकिन 1982 में जन्मी महक मूलतः मुंबई की रहने वाली हैं। वे एक कहानीकार (स्टोरीटेलर) हैं। टेड टॉक जैसे प्लेटफार्म पर अपने विचार रख चुकी महक ब्लॉगर और लेखक भी हैं। 2018 में महक का वीडियो ‘अम्मी का मोबाइल फोन’ भी सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया था।
बता दें कि, महक अपने ब्लॉग के माध्यम से वे कई साल से सोशल मुद्दे उठाती रही हैं। वे झुमरी तलैया नाम से स्टोरी टेलिंग का एक ऑनलाइन स्कूल भी चलाती हैं। सोशल मीडिया सहित यू-ट्यूब पर महक के कई वीडियोज हैं, जिनके लाखों में व्यूज हैं। योर कोट और टिंडर के साथ महक का एक वीडियो ‘फिर मोहब्बत करनी है’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।