ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए ‘साइबर सेफ मूवमेंट’

मुंबई: महिलाओं और युवतियों के साथ होने वाले शोषण और यौन उत्पीड़न से बचाव और जागरूकता के उद्देश्य से मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस की मदद से साइबर सेफ मूवमेंट की शुरूवात की है। इस अभियान के जरिए महाराष्ट्र साइबर पुलिस महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और भी पुख्ता करने पर बल देगी।
शुक्रवार से शुरू हुए इस सात दिवसीय अभियान से राज्य के 34 जिलों के 90 शहर/गांव आदि जुड़ गए हैं। यहां पर विशेष साइबर सेफ मूवमेंट अभियान चलाया जा रहा है। मुंबई पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ सालों में साइबर अपराधों में वृद्धि हुई है, जिनमें महिलाओं या युवतियों का पीछा करना, ऑनलाइन बदसलूकी करना, मानहानि, यौन-संबंध, बैंक धोखाधड़ी, चाइल्ड पॉर्नोग्राफी, ऑनलाइन गेमिंग, गलत तरीके से विडियो या फोटो मॉर्फ्ड या डॉक्टर्ड करना, वैवाहिक वेबसाइटों से निजी जानकारी चुराना, चोरी-छिपे उनका फोटो या विडियो खींचना, अश्लील फोटो निकालना और विभिन्न चैटिंग और डेटिंग ऐप के जरिए धोखाधड़ी समेत अन्य साइबर अपराध शामिल हैं।

सीएम उद्धव ठाकरे करेंगे संबोधित
छात्राओं, कामकाजी युवतियों व बच्चियों के बीच जागरूकता पैदा करने के लिए महाराष्ट्र राज्य साइबर पुलिस एक विशेष संवाद का आयोजन करती है। इस संवाद सत्र में प्रेजेंटेशन, केस स्टडी और व्याख्यान के जरिए जानकारी दी जाती है। लोगों को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उप मुख्यमंत्री अजीत पवार और महाराष्ट्र विधान परिषद की उप सभापति नीलम गोरे की एक मिनट की बाइट पर आधारित विडियो संदेश भी दिखाया जाएगा। साइबर पुलिस इस अभियान में शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और गैर-सरकारी संगठनों के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता फैला रही है। राज्य साइबर पुलिस ने प्रेस क्लबों और विभिन्न शहरों के प्रेस संगठनों की भी मदद ली है। अभियान राज्य सरकार, डीजीआईपीआर और महाराष्ट्र पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है।

ट्विटर के जरिए अपील
सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र साइबर पुलिस और राज्य सरकार जागरूकता फैला रही है। मुंबई पुलिस ने साइबर सेफ मूवमेंट नाम से हैशटैग चला रखा है। इस हैशटैग के जरिए पीड़िताएं साइबर पुलिस से सीधे मदद ले सकती हैं।

यहां दर्ज करें शिकायत
वेबसाइट https://cybercrime.gov.in या महाराष्ट्र या मुंबई से संबंधित साइबर क्राइम के लिए एसपी बालसिंग राजपूत और स्पेशल आईजी ब्रिजेश सिंह को [email protected] और [email protected] पर मेल और 022-22160080 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।