दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई कांग्रेस में गुटबाजी टालने के लिए टल रहा बदलाव

मुंबई: महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस संगठन में नए सिरे से बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। इसके साथ ही प्रदेश और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस में लॉबिंग तेज हो रही है। वर्तमान में मुंबई कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड को हटाने के लिए दिवंगत गुरुदास कामत खेमे के नेता लामबंद हो रहे हैं। लेकिन कांग्रेस के दिल्ली सूत्रों का कहना है कि फिलहाल कांग्रेस में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा। इसके पीछे दिल्ली के सूत्रों के दो तर्क हैं। पहला है कि इस समय एआईसीसी के तमाम बड़े नेता दिल्ली चुनाव में व्यस्त हैं। दूसरा तर्क है कि दिल्ली चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की संभावित वापसी। दिल्ली सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र में बदलाव तो होना ही है, क्योंकि प्रदेशाध्यक्ष बालासाहेब थोरात और एकनाथ गायकवाड की बेटी वर्षा गायकवाड राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए हैं, लेकिन बदलाव में थोड़ा वक्त लगेगा। संभव है कि मार्च तक यथास्थिति बनाई रखी जाए।
वहीं, दिल्ली के एक बड़े नेता ने कहा कि एकनाथ गायकवाड पार्टी के वरिष्ठ और बुजुर्ग नेता है। उनकी बड़ी उपलब्धि यह है कि वह निर्विवाद हैं। उनके आने के बाद से मुंबई कांग्रेस में गुटबाजी के झगड़े कम हुए हैं। राज्य में अभी-अभी नई सरकार बनी है।। उसमें मंत्री पद और वरिष्ठता को लेकर पहले से कई झगड़े चल रहे हैं। ऐेसे में फिलहाल मुंबई कांग्रेस में गुटबाजी का कोई अवसर किसी को नहीं दिया जाएगा।