मुंबई शहरशहर और राज्य

विश्व हिंदी दिवस पर ‘मुंबई हिंदी पत्रकार संघ’ ने किया ‘बॉलीवुड और हिंदी’ परिचर्चा का आयोजन

गैर-हिंदीभाषियों ने हिंदी के विकास में अहम योगदान दिया: राज्यपाल

मुंबई: विश्व हिंदी दिवस के मौके पर ‘मुंबई हिंदी पत्रकार संघ’ की तरफ से मुंबई विश्वविद्यालय में आयोजित ‘बॉलीवुड और हिंदी’ परिचर्चा कार्यक्रम में तमाम पत्रकार, लेखक और हिंदीसेवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि हिंदी भाषा केवल प्रदेशों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सीमा को पार कर विश्व भर में बोली जा रही है। इसका बड़ा श्रेय हिंदी साहित्य और बॉलीवुड को जाता है। आज हिंदी का उपयोग बड़े पैमाने पर संपर्क भाषा के रूप में हो रहा है। कोश्यारी ने कहा कि देश की प्रत्येक भाषा महत्वपूर्ण है, लेकिन हिंदी एक ऐसी भाषा है जो एक दूसरे को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हिंदी भाषा को बढ़ाने में समाचार पत्रों और चैनलों के अलावा हिंदी फिल्मों का अहम योगदान रहा है। जिनके कारण आज नेपाल, बांग्लादेश, पाकिस्तान, मारिसश जैसे देशों में हिंदी बोली जाती है। मौजूदा समय में अंग्रेजी से ज्यादा हिंदी समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों को देखा जा रहा है, इसलिए हिंदी के पत्रकारों को हिंदी बोलने में हीन भावना नहीं महसूस करनी चाहिए। हिंदी को और भी परिष्कृत करने की जरूरत है। राज्यपाल ने कहा कि गैर-हिंदीभाषियों ने हिंदी के विकास में अहम योगदान दिया है। इसमें पत्रकारिता के भीष्म पितामह कहे जाने वाले दिवंगत साहित्यकार बाबूराव विष्णु पराडकर जैसे कई अन्य लोग हैं, जिन्होंने गैर हिंदी भाषी होने के बाद भी हिंदी पत्रकारिता में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदी के साथ आप जिस राज्य में रहते हैं, वहां की स्थानीय भाषा को भी सीखना चाहिए।
इस मौके पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के हाथों वरिष्ठ पत्रकार प्रीतम सिंह त्यागी, अभिलाष अवस्थी, अश्विनी कुमार मिश्र, प्रवीण जैन व हरीश पाठक को ‘हिंदी सेवा सम्मान’ प्रदान किया गया।
इस मौके पर अभिनेता दयाशंकर पांडेय, पटकथा लेखक संजय मासूम, वरिष्ठ पत्रकार संजय प्रभाकर, मुंबई विवि हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. करुणाशंकर उपाध्याय को राज्यपाल कोश्यारी के हाथों सम्मानित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में पूर्व गृहराज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व विधायक राजहंस सिंह सहित कई राजनेता, पत्रकार, साहित्यकार, कवि, लेखक और हिंदी राजभाषा की सेवा करने वाले लोग भी मौजूद थे।

संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे ने सभी अतिथियों व उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु संघ के उपाध्यक्ष विनोद यादव, महासचिव विजय सिंह ‘कौशिक’, सचिव अभय मिश्र, राजकुमार सिंह, अशोक शुक्ला, सैयद सलमान, सुरेंद्र मिश्र, अनिल पांडेय, अखिलेश तिवारी, हरगोविंद विश्वकर्मा सहित कई अन्य गणमान्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अभय मिश्र ने किया।