चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीति

दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP ने सभी 70 सीटों पर और कांग्रेस ने 54 उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान

नयी दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। आप ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतार दिए हैं तो बीजेपी ने 57 और कांग्रेस ने 54 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। सत्तारूढ़ आप ने अपने अधिकतर विधायकों को फिर से टिकट दिया है।

वहीँ कांग्रेस पार्टी ने 54 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है जिसमें कई पूर्व मंत्रियों और कुछ नए चेहरों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी की गई सूची में 10 महिलाओं को टिकट दिया गया है। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ को पटेल नगर से टिकट मिला है। हारून युसूफ को कांग्रेस ने बल्लीमारान से उम्मीदवार बनाया है। अरविंदर सिंह लवली गांधी नगर से चुनाव लड़ेंगे तो आम आदमी पार्टी में रहीं अलका लांबा को चांदनी चौक से चुनावी मैदान में उतारा गया है। दिल्ली के पूर्व मंत्री अशोक वालिया को कृष्णा नगर से टिकट दिया गया है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की पुत्री शिवानी चोपड़ा को कालकाजी और चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख कीर्ति आजाद की पत्नी को संगम विहार से टिकट मिला है। आदर्श शास्त्री को द्वारका से टिकट दिया गया है, जहां से वह निवर्तमान विधायक हैं। आम आदमी पार्टी छोड़कर शास्त्री ने शनिवार को ही कांग्रेस का हाथ थामा है।