ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में महिला से सामूहिक बलात्कार, 4 लोग गिरफ्तार

छायाचित्र (सुरेश डाबी)

मुंबई, राजेश जायसवाल): देश की आर्थिक राजधानी मुंबई, महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाती है। यहाँ लड़कियां रात को सड़कों व लोकल ट्रनों में घूमती हैं, उनकी तरफ कोई आंख उठा कर देखने की जुर्रत नहीं करता। इसलिए मायानगरी मुंबई पर हम सब नाज करते हैं। देश की बाकी तस्वीर कितनी ही घिनौनी क्यों ना हो कम से कम मुंबई तो महफूज़ है। परन्तु बीती रात मुंबई के उपनगर कुर्ला में वर्ली की रहने वाली 32 वर्षीय पीड़िता के साथ जो हुआ वो तो इंसानी सोच से भी परे है!
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुर्ला में रेलवे पटरियों के नजदीक 32 वर्षीय एक महिला से चार लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। नेहरू नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विलास शिंदे ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि साबले नगर इलाके में सोमवार की देर रात यह घटना हुई। वर्ली की रहने वाली पीड़िता मध्यप्रदेश के कटनी जाने के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाना चाहती थी। घटना से पहले वह भायखला से कुर्ला एक ट्रेन से पहुंची थी। कुर्ला पुल पहुंचने पर उसने एक राहगीर से एलटीटी जाने का रास्ता पूछा और हार्बर लाइन तक उसके पीछे गई। उन्होंने कहा कि रास्ते में वह झाड़ियों में शौच के लिए गई जबकि उसके आगे चल रहा व्यक्ति लापता हो गया। उन्होंने कहा कि उस वक्त वहां नशा कर रहे दो लोग उस पर झपट पड़े और उससे बलात्कार किया। अधिकारी ने बताया कि वहां से मोटरसाइकिल से गुजर रहे दो अन्य लोगों ने भी महिला से बलात्कार और अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने उससे तीन हजार रुपये और उसका 25 हजार रुपये का मंगलसूत्र भी छीन लिए। यौन प्रताड़ना का शिकार होने के बाद महिला कुछ दूर चली जिसके बाद उसे एक महिला मिली जिसने नेहरू नगर थाने को सूचना देने में उसकी मदद की। उन्होंने कहा कि महिला एक आरोपी की पहचान अपने ही इलाके में रहने वाले युवक के तौर पर की जो उसका पीछा कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विलास शिंदे ने कहा कि सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और घटना के कुछ घंटे के भीतर ही सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ वाघ (रहने वाला-राजीव गाँधी नगर), निलेश बारसकर (रहने वाला-‎ब्राह्मणवाडी), श्रीकांत भोगले (रहने वाला- साबले नगर) और सोनू तिवारी (रहने वाला- कुर्ला पश्चिम) के तौर पर हुई है। तीन आरोपियों को कुर्ला से पकड़ा गया जबकि सिद्धार्थ वाघ को विक्रोली से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी एक दूसरों को जानते हैं। आरोपियों पर भादंसं की धारा 376 (बलात्कार), 377 (अप्राकृतिक दुष्कर्म), 354 (हमला) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता विधवा है और उसके दो बच्चे हैं। उसे जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया