मुंबई शहरसामाजिक खबरें

श्री मुंबादेवी मंदिर का स्थापना दिवस समारोह संपन्न

मुंबई: श्री मुंबादेवी मंदिर ट्रस्ट तथा श्री मुंबादेवी व्यापारी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री मुम्बादेवी माता का स्थापना दिवस समारोह बुधवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। इस अवसर पर मंदिर परिसर में व्यापारी मंडल, स्थानीय समाजसेवियों का जमावड़ा लगा रहा।
‘पाटोत्सव २०२०’ नामक इस कार्यक्रम में श्री सत्यनारायण की महापूजा का आयोजन हुआ तथा विशेष पूजा हवन भी संपन्न हुई। श्री मुंबादेवी माताजी पालकी उत्सव में काफी बड़ी संख्या में भक्‍तों ने भागीदारी की। मुंबा देवी मंदिर में हर दिन 6 बार आरती की जाती है। वैसे तो मंदिर में भक्‍तों की भीड़ हर रोज होती है, पर मंगलवार को यहां भक्‍तों का सैलाब उमड़ पड़ा था।
कार्यक्रम के आयोजन में अनिल फाल्के, उमेश बाजपेयी, अनिल गोस्वामी, नीरज गोस्वामी, महेश गोस्वामी, अतुल फाल्के, अजय व्यास, संजय खराटे, मनोज पटवा तथा ओमप्रकाश मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बता दें कि मुंबई की ग्रामदेवी माँ मुंबादेवी यहाँ के नागरिकों की संरक्षक देवी है, जो इन्हें समुद्र से तथा अन्य रूप में आने वाली हर बलाओं से बचती हैं। मुंबई में रहने और आने वाले हर व्यक्ति को माँ के दर्शन जरूर करना चाहिए। मुंबई का नाम भी देवी मुंबा के नाम पर ही प्रसिद्ध हुआ है।
मंदिर में देवी के चांदी से बने वाहन प्रतिदिन बदले जाते हैं। सोमवार को नंदी, मंगलवार को हाथी, बुधवार को मुर्गा, गुरूवार को गरुड़, शुक्रवार को हंस, शनिवार को हाथी, रविवार को सिंह पर माँ सुशोभित होतीं हैं। श्रद्धालुओं में ऐसी मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है। मुंबा देवी मंदिर में मन्नत मांगने के लिए यहां की लकड़ी पर सिक्कों को कीलों से ठोका जाता है।