Uncategorisedमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: घाटकोपर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे बुजुर्ग को आया हार्टअटैक, कंधे पर लेकर दौड़ा GRP जवान, बचाई जान

मुंबई: शुक्रवार को घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात एक जीआरपी जवान की मुस्तैदी से एक बुजुर्ग की जान बच गई। ट्रेन का इंतजार कर रहे बुजुर्ग को अचानक हार्टअटैक आया। उसे गिरता देख जवान ने बिना किसी स्ट्रेचर का इंतजार किए उसे अपने कंधे पर रखा और भागता हुए स्टेशन से बाहर दौड़ा। उसे एक टैक्सी में डाल हॉस्पिटल तक पहुंचाया और इस तरह उसकी जान बचाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकाश गच्छे मुंबई के घाटकोपर स्टेशन से शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कहीं जा रहे थे। अभी वह स्टेशन पर खड़े ही थे कि उनके सीने पर तेज दर्द उठा और वह स्टेशन पर ही गिर पड़े। प्रकाश के गिरते ही वहां भीड़ लग गई। इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात रेलवे पुलिस का जवान धनंजय गवली पहुंचा। धनंजय ने जैसे ही देखा कि प्रकाश के सीने में दर्द हो रहा है तो उन्होंने किसी के आने का इंतजार किए बिना ही प्रकाश को अपने कंधे पर उठाया और बाहर की ओर भागने लगे। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
जवान के इस तरह प्रकाश को कंधे पर लेकर दौड़ता हुआ देख लोग हैरान रह गए। धनंजय, प्रकाश को अपने कंधे पर उठाकर राजावाड़ी अस्पताल ले गए और आईसीयू में एडमिट कराया। ताजा जानकारी के अनुसार, प्रकाश गच्छे की हालत अब ठीक बताई जा रही है।