दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहिते ने छोड़ा राजू शेट्टी का साथ, नया संगठन बनाने की घोषणा

मुंबई: पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध मोहिते ने पूर्व सांसद राजू शेट्टी के स्वाभिमानी शेतकरी संगठन से नाता तोड़ दिया है। मोहिते ने किसानों और युवाओं के मुद्दों को लेकर नया संगठन बनाने की घोषणा की है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पैर्टन की तर्ज पर राज्य को नया विकल्प देने का दावा किया है।
मंगलवार को मोहिते ने ‘मुंबई मराठी पत्रकार संघ’ में शेट्टी से अलग होने का ऐलान किया। उनके इस कदम से विदर्भ में शेट्टी के संगठन को झटका लगा है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारा संगठन किसानों और युवाओं के मुद्दे पर आक्रामक तरीके से काम करेगा। संगठन का अगले महीने में एक सम्मेलन आयोजित होगा। उस सम्मेलन में संगठन का नाम घोषित किया जाएगा। मोहिते ने कहा कि हमारा उद्देश्य शेतकरी संगठन को तोड़ने और शेट्टी को नुकसान पहुंचाना नहीं है। लेकिन शेट्टी के पास दूरदृष्टि नहीं है। केवल स्टंट करने के बजाय लोगों के लिए काम करना चाहिए। हमारी उम्मीदों के अनुसार पार्टी में काम नहीं हो रहा था। इसलिए हमने नया संगठन बनाने का फैसला किया है। मोहिते ने कहा कि हम महाविकास आघाडी सरकार से पूछेंगे कि राज्य में निवेश के लिए क्या योजना है। युवाओं को रोजगार के लिए कौशल्य विकास प्रशिक्षण के लिए क्या योजना है। मोहिते ने कहा कि हमारी मांग है कि प्रदेश सरकार की ओर से पिछले पांच सालों में कितने रोजगार पैदा किए गए हैं। इस पर सरकार को श्वेत पत्र जारी किया जाए। साथ ही सरकार का अगले चार सालों में निवेश का लक्ष्य और रोजगार सजृन के बारे में रोड मैप घोषित करें। इस पर निगरानी के लिए राज्य के मुख्य सचिव अजोय मेहता की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी बनाई जानी चाहिए।
मोहिते ने महाविकास आघाडी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और बेरोजगारी के मुद्दों को छोड़कर कोरेगांव-भीमा और एल्गार परिषद के झमेले में पड़ी हुई है। ऐसा अगले चार साल तक चलता रहेगा। जिससे कि सरकार को विदेशी निवेश, रोजगार और किसानों की समस्याओं को सुलझाने के लिए कोई नीति न बनानी पड़े। मोहिते ने कहा कि राज्य सरकार का सीएए से क्या संबंध है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे प्रदेश में किसी भी व्यक्ति को नागरिकता नहीं दे सकते हैं। नागरिका देने का अधिकार केंद्र सरकार का है। फिर भी सीएए को लेकर बयानबाजी शुरू है। मोहिते ने कहा कि महाविकास आघाडी सरकार के पास नामचीन कंपनियों को टैक्स में रियायत देने के लिए कोई नीति नहीं है। इसलिए कई बड़ी कंपनियां दूसरे प्रदेशों में निवेश कर रही हैं। मोहिते के साथ शेतकरी संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दशरथ सावंत, शेतकरी संगठन के युवा आघाडी के प्रदेश अध्यक्ष हंसराज वडघुले, शेतकरी संगठन के मराठवाड़ा विभागीय अध्यक्ष माणिकराव कदम समेत कई लोगों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है।