ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: अब प्रापर्टी टैक्स वसूली के लिए ढोल-नगाड़े के साथ पहुंचेगे बीएमसी कर्मचारी- टीवी, फ्रिज, फर्निचर भी होगा जब्त

मुंबई: देश की सबसे समृद्धिशाली मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अब प्रापर्टी टैक्स की वसूली न होने से परेशान होकर सख्त कदम उठाने वाली है। प्रापर्टी टैक्स की वसूली के लिए मनपा कर्मचारी बैंड-बाजे के साथ आपके घर पहुंचेंगे और घर में रखे टीवी, फ्रिज, फर्निचर जैसे सामान उठा कर ले जाएंगे।
दरअसल मुंबई मनपा का प्रापर्टी टैक्स के करोड़ों रुपए लोगों पर बकाया है। बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद लोग बकाए का भुगतान नहीं करते। मनपा प्रशासन को उम्मीद थी कि इस साल प्रॉपर्टी टैक्स से 5 हजार 100 करोड़ की कमाई होगी, लेकिन अभी तक 3066 करोड़ रुपए का ही कलेक्शन हो सका। प्रापर्टी टैक्स वसूली के लिए मुंबई मनपा ने बकाएदारों को 21 दिन की नोटिस दी थी। अब यह मोहलत खत्म हो गई है। इस लिए अब मनपा प्रशासन ने प्रापर्टी टैक्स की वसूली के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। इसके लिए मुंबई मनपा के 24 वार्ड में 228 बड़े बकायेदारों की एक सूची तैयार की है।
मुंबई मनपा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 228 बकाएदारों में सभी कमर्शियल बकाएदार हैं। मनपा इसके पहले 120 बड़े बकाएदारो की प्रॉपर्टी सील कर चुकी है। अब इन संपत्तियों की निलामी कर प्रॉपर्टी टैक्स की राशि वसूली होगी। अधिकारी ने बताया कि प्रापर्टी टैक्स की वसूली के लिए अब मनपा कर्मचारी ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचेगे और टैक्स न चुकाने पर घर में रखे कीमती सामन ले जाने से भी परहेज नहीं करेंगे।