दिल्लीदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

सिद्धू के बाद अब कांग्रेस के शत्रुघ्न पहुंचे पाक, राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से मिलाते दिखे हाथ

इस्लामाबाद: कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बाद अब पार्टी के एक और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पाकिस्तान का दौरा कर आलोचना को दावत दे दी है। सिन्हा दरअसल एक शादी में शिरकत करने पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्होंने शनिवार को राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से भी मुलाकात की। अब, इस मुलाकात के बाद अल्वी ने ऐसा दावा किया कि ‘शत्रुघ्न ने कश्मीर में लॉकडाउन की उनकी चिंता पर समर्थन जताया है।’ हालांकि, शत्रुघ्न ने सफाई देते हुए कहा है कि उनका यह दौरा पूरी तरह से निजी था और इसका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है।
अल्वी के ऑफिस ने ट्वीट किया, भारतीय राजनीतिज्ञ शत्रुघ्न सिन्हा ने राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से लाहौर में आज मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के बीच शांति का पुल बनाने के महत्व पर चर्चा की। सिन्हा ने कश्मीर में 200 से अधिक दिनों के लॉकडाउन पर राष्ट्रपति की चिंता का समर्थन किया।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद से भारत और पाकिस्तान के संबंध अब तक के सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। पाकिस्तान ने भारत के साथ ट्रेड संबंध को सस्पेंड कर दिया और यहां तक रेलगाड़ियों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। पाक यहीं नहीं रुका उसने पीएम नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे के लिए अपने हवाई मार्ग के इस्तेमाल की इजाजत नहीं दी थी।
पठानकोट और उरी में हुए आतंकी हमले के बावजूद पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के शपथ ग्रहण में सिद्धू ने मौजूदगी दर्ज कराकर आलोचनाओं को दावत दे दी थी। यहां तक कि वह आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा के गले मिलते भी देखे गए थे। इवेंट की तस्वीर सामने आने के बाद उनकी भारत में काफी किरकिरी हुई थी। वहीं, पाक राष्ट्रपति के शत्रुघ्न को लेकर किए जा रहे दावे से कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं जिनके नेताओं पर बीजेपी पहले से ही पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाती आई है।
शत्रुघ्न पाकिस्तान फिल्म इंडस्ट्री के एक फिल्मकार मियां एहसान के पोते मियां अहमद की शादी में शिरकत करने पाकिस्तान पहुंचे थे। उनकी तस्वीर कल से ही मीडिया में तैर रही है। अब उन्होंने खुद तस्वीरें शेयर कर अपना बचाव किया है। उन्होंने लिखा, यह पूरी तरह से निजी यात्रा है आधिकारिक नहीं, और इसमें कुछ भी राजनीति नहीं है। अहसान परिवार कई बार हमारे घर आए हैं और पिछली बार मेरे बेटे के लिए आए थे।