दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

कोरोना वायरस से लड़ने के लिए महाराष्ट्र के जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया मदद का हाथ

मुंबई: महाराष्ट्र की आघाड़ी सरकार में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जनप्रतिनिधि एक महीने का वेतन प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री सहायक निधि में देने का फैसला लिया है। राकांपा के बाद शिवसेना ने भी राहत कोष में एक महीने का वेतन देने का निर्णय लिया है। इन दोंनो के बाद मुंबई बीजेपी ने भी हाथ आगे बढ़ाया है।
राकांपा की ओर से बताया गया कि पार्टी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए पार्टी के सभी विधायक अपने एक महीने का मानधन मुख्यमंत्री सहायक निधि में जमा करेंगे और जितने सांसद है वे अपने एक महीने का मानधन प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराएंगे। राकांपा सुप्रीमों शरद पवार ने इसकी घोषणा की। पवार के अनुसार, पार्टी के विधायक प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील के पास एक महीने का मानधन जमा करेंगे।
राकांपा के बाद शिवसेना ने भी एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा करने की घोषणा की है। पार्टी के विधायक सुनील प्रभु के अनुसार, विधानपरिषद व विधानसभा के सभी शिवसेना के सदस्य व राज्यसभा व लोकसभा के सभी सांसद एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराएंगे।

बीजेपी के नगरसेवक-विधायक पीएम कोष में देंगे एक महीने का वेतन
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने एक महीने का वेतन प्रधानमंत्री सहायता कोष में जमा करने की घोषणा की है। अध्यक्ष लोढ़ा ने एक विज्ञप्ति में जानकारी दी है कि विश्वव्यापी महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप से निपटने के लिए पार्टी के लिए सभी नगरसेवकों और विधायकों को अपना एक महीने का वेतन दान करने को कहा है।
उन्होंने कहा है कि इनके अलावा सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी अपने अपने स्तर पर सहयोग कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अपील पर लॉकडाउन से मुंबई में भोजन की परेशानी झेल रहे जरूरतमंद लोगों को खाना उपलब्ध कराने में भी भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सहायता कर रहे हैं।
स्वयं मुंबई भाजपा अध्यक्ष विधायक लोढ़ा भी मुंबई व ठाणे में 20 हजार से ज्यादा लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई में पार्टी के कार्यकर्ता भी विभिन्न जगहों पर लोगों के लिए भोजन का प्रबंध कर रहे हैं। उन्होंने कोरोना के खिलाफ जंग के लिए सारे देश को साथ लेने की प्रधानमंत्री मोदी का तारीफ करते हुए कहा है कि यह जनता को साथ लेकर जनता की सुरक्षा के लिए जननेता द्वारा किया गया ऐसा महान कार्य है, जिससे सारी दुनिया सीख लेगी।