देश दुनियामनोरंजनशहर और राज्य

महज 20 की उम्र में साइकिल से दुनिया नाप पुणे की वेदांगी ने रचा इतिहास..!

मुंबई, पुणे निवासी 20 साल की वेदांगी कुलकर्णी साइकिल से दुनिया का चक्कर लगाने वाली सबसे तेज एशियाई बन गई हैं। वेदांगी ने रविवार को कोलकाता में तड़के साइकिल चलाकर इसके लिए जरूरी 29,000 किलोमीटर की मानक दूरी को तय कर लिया। उन्होंने इस सफर की शुरुआत जुलाई में आस्ट्रेलिया के पर्थ से की थी और वह रिकॉर्ड पूरा करने के लिए इस शहर वापस जाएंगी।
बता दें कि ब्रिटेन की जेनी ग्राहम (38) के नाम महिलाओं के बीच सबसे कम दिनों में साइकिल से दुनिया का चक्कर लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 124 दिन का समय लिया था। यह रिकॉर्ड पिछले रिकॉर्ड से तीन सप्ताह कम था।
वेदांगी ने बताया कि मैंने 14 देशों का सफर किया और 159 दिनों तक रोजाना लगभग 300 किलोमीटर साइकिल चलाई। इस दौरान मुझे कुछ ‘अच्छे और बुरे’ अनुभव हुए। वेदांगी के पिता विवेक कुलकर्णी ने बताया दुनिया में कुछ ही लोगों ने इस मुश्किल चुनौती को पूरा किया है और मेरी बेटी दुनिया का चक्कर लगाने के मामले में सबसे तेज एशियाई है।
ब्रिटेन के बॉउर्नेमाउथ विश्वविद्यालय की खेल प्रबंधन की छात्रा वेदांगी ने बताया कि मैंने इसके लिए दो साल पहले तैयारी शुरू की थी। मैंने साइकिल पर लगभग 80 प्रतिशत यात्रा को अकेले पूरा किया। मुझे यात्रा के दौरान शून्य से 20 डिग्री कम से लेकर 37 डिग्री सेल्सियस तक का तापमान झेलना पड़ा।
इस दौरान मैं ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, कनाडा, आइसलैंड, पुर्तगाल, स्पेन फ्रांस, बेल्जियम, जर्मनी, डेनमार्क, स्वीडन, फिनलैंड और रूस से होकर गुजरी। इस अभियान को पूरा करने के दौरान मुझे कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कनाडा में एक भालू मेरा पीछे करने लगा था। रूस में बर्फ से घिरी जगहों पर मैंने कई रातें अकेले गुजारीं तो वहीं स्पेन में चाकू की नोक पर मेरे साथ लूटपाट हुई।