ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

CM उद्धव ठाकरे के सरकारी निवास ‘वर्षा’ पर पहुंचा कोरोना! तैनात पुलिसकर्मी पॉजिटिव, मचा हड़कंप

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे के सरकारी निवास ‘वर्षा’ पर तैनात एक महिला पुलिस अधिकारी के कोरोना वायरस पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। ये महिला पुलिस अधिकारी सरकारी घर के प्रवेश द्वार पर तैनात थी।
बता दें कि कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला पुलिस अधिकारी को दो दिन पहले ही यहां ड्यूटी पर लगाया गया था। महिला अधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद से शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारी के 6 करीबियों को क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन कर दिया गया है। इस बात की जानकारी मुंबई पुलिस की ओर से दी गई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सरकारी कामकाज के लिए यहीं आते हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने जितनी बार सोशल मीडिया के जरिए लोगों से बात की, वो उस समय वर्षा में ही थे। हालांकि सीएम उद्धव अपने परिवार के साथ बांद्रा के कलानगर स्थित ‘मातोश्री’ में ही रहते हैं।

उधर, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 5,200 के ऊपर जा चुकी है। वहीं, देश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 19 हजार 900 के पार पहुंच गई है। हाल ही में अपने कुछ सुरक्षाकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद महाराष्ट्र के आवासमंत्री जितेंद्र आव्हाड मंगलवार को ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए। एनसीपी विधायक जितेंद्र आव्हाड ऐहतियात के तौर पर 13 अप्रैल से क्‍वारंटीन में थे।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र का मुंबई कोरोना वायरस संक्रमित मामलों में टॉप पर है। यहां पर अब तक कोरोना के 3451 मामले सामने आए हैं। वहीं सबसे ज्यादा मौतें भी इसी जिले में हुई हैं। यहां कोरोना से अब तक 151 लोग जान गंवा चुके हैं। जिले में बीएमसी ने अब सिर्फ कोरोना के लक्षणों वाले मरीजों की जांच का आदेश जारी किया है, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया है। विशेषज्ञों की मानें तो इस आदेश से मुंबई पर कोरोना का बड़ा खतरा मंडरा सकता है।