कोल्हापुरमहाराष्ट्र

कोल्हापुर में प्रार्थना सभा के दौरान हमला, 12 घायल

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में प्रार्थना सभा के दौरान लोगों के एक समूह द्वारा किए गए हमले में 12 से अधिक लोग घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब कोल्हापुर के कोवाड गांव में भीमसेन चौहान के आवास पर लोग रविवार की प्रार्थना में हिस्सा ले रहे थे, उसी समय तलवार, लोहे की छड़ और कांच की बोतल लिए 10 से 15 लोगों का एक समूह मोटरसाइकिलों से आवास पर पहुंचा। हमलावरों ने प्रार्थना कर रहे लोगों पर पत्थर फेंके और घर में घुसने की कोशिश की। हालांकि, प्रार्थना सभा में हिस्सा ले रही कुछ महिलाओं ने हमलावरों पर मिर्च पाउडर छिड़क कर उन्हें भागने पर मजबूर किया। इस हमले में 12 लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि यह गांव कर्नाटक सीमा पर स्थित है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इलाके में हालात की निगरानी कर रहे हैं। जांच में सामने आया है कि हमलावर ग्रुप कर्नाटक के बेलगाम से संबंधित है। क्राइम ब्रांच और कर्नाटक पुलिस से भी इस हमले की जांच में मदद ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि हमला करने वाले कुछ संदिग्धों की पहचान हो गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।