ठाणेमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई / ठाणे के छत्रपति शिवाजी हॉस्पिटल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक सफाइकर्मी ने आईसीयू में भर्ती १४ वर्षीय किशोरी के हाथ बांधकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पास के बेड पर मौजूद महिला मरीज के शोर मचाने पर स्‍टाफ व अन्‍य लोगों ने दौड़कर आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। यह हॉस्‍पिटल ठाणे महानगरपालिका की तरफ से संचालित किया जाता है।
यह घटना शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे की है। जानकारी के अनुसार, मिर्गी के इलाज के लिए नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला वार्ड में सफाई कर्मचारी कोली चादर बदलने के बहाने गया था। उस समय अधिकांश महिला मरीज सो रही थीं। कोली बिस्तर पर सोई किशोरी के पास खड़ा हो गया और उससे छेड़खानी का प्रयास करने लगा। उसी समय एक महिला मरीज की नजर उस पर पड़ी। उसने कोली को वहां से जाने को कहा, लेकिन वह गया नहीं और बालिका के हाथ को बेड से बांध दिया। इसके बाद महिला मरीज चिल्लाने लगी, जिससे घबरा कर कोली भागने लगा और बाकी मरीज आवाज सुन कर उठ गए। मरीजों और स्‍टाफ के अन्‍य लोगों ने कोली को पकड़ लिया। किशोरी ने घटना के बारे में अपने पिता को बताया। उन्‍होंने कलवा पुलिस स्टेशन में कोली के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीएसआई जी.ए. मुगले मामले की जांच कर रहे हैं।