ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

1000 करोड़ रु. की ड्रग्स के साथ चार गिरफ्तार..!

मुंबई , महाराष्ट्र पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने बुधवार को वाकोला इलाके से फेंटानिल नाम की प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिबंधित ड्रग्स की कीमत करीब 1,000 करोड़ रुपए बताई जा रही है। फेंटानिल इतनी खतरनाक है कि इसकी महज 0.002 ग्राम (2 मिलीग्राम) मात्रा ही किसी की जान ले सकती है।
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स सेल के पुलिस उपयुक्त शिवदीप लांडे ने बताया कि फेंटानिल ड्रग्स को मुंबई से मैक्सिको भेजा जाना था। वहां इसे कौन खरीदने वाला था और इतनी बड़ी मात्रा में किसने फेंटानिल को तैयार किया, यह जांच का विषय है। आरोपियों के नाम सलीम डोला, घनश्याम सरोज, भाई चंद्रमणि और संदीप तिवारी हैं। ये लोग दलालों के संपर्क में भी थे।
आरोपियों के पास से ड्रग्स से भरे चार ड्रम जब्त हुए हैं। कोर्ट ने आरोपियों को 1 जनवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। डोला को एक बार पहले भी राजस्व खुफिया निदेशालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने कोर्ट में दावा किया कि उनके पास से जब्त किया गया पदार्थ फेंटानिल नहीं है। साथ ही उनके पास इसकी खरीदी के दस्तावेज भी हैं। फेंटानिल का इस्तेमाल एनेस्थीसिया और कैंसर के इलाज में किया जाता है। नशे के लिए इसे कोकीन और हेरोइन में मिलाया जाता है।
बता दें कि फेंटानिल को अमेरिका में सबसे खतरनाक ड्रग माना जाता है। अमेरिका में 2016 में इसके ओवरडोज से 20 हजार और 2017 में 29 हजार लोगों की जान गई थी। यह मॉर्फीन से 100 गुना और अन्य किसी सामान्य ड्रग से 10 हजार गुना ज्यादा प्रभावी है। इसका इस्तेमाल कैंसर या मौत के कगार पर पहुंच चुके मरीजों का दर्द कम करने के लिए किया जाता है। व्यावसायिक तौर पर (बेचने के लिए) किसी को लाइसेंस भी मिलता है तो वह केवल एक समय 0.1 ग्राम ही रख सकता है।