नासिकब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

नासिक में शख्‍स पर तेंदुए का हमला, CCTV में कैद हुई रोंगटे खड़े करने वाली घटना!

नासिक: कोरोना वायरस के चलते देशभर में लागू लॉकडाउन के दौरान कई जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में भी सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला महाराष्ट्र के नासिक जिले का है। यहां इंदिरा नगर में तेंदुए ने एक शख्स पर हमला बोल दिया। तेंदुए ने इस इलाके में दो लोगों पर हमला किया है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस वीडियो में तेंदुए इतनी तेजी से शख्‍स पर हमला कर रहा है कि उसे भागने का मौका ही नहीं मिलता है। वीडियो देखकर ही पता चल रहा है कि शख्स को तेंदुए ने गंभीर रूप से घायल किया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि अभी तक इस तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है।
सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक शख्‍स सड़क पर खड़ा है। ऐसा लग रहा है कि वह सड़क पार करनेवाला है। इतने में ही उसके दाहिने ओर से एक तेंदुआ बड़ी तेजी से दौड़ता हुआ आता है। इस शख्‍स को तेंदुए का अहसास तब होता है, जब वह उससे चंद कदमों की दूरी पर होता है। ऐसे में शख्‍स आगे की ओर भागने की कोशिश करता है, लेकिन तेंदुआ उसे दबोच लेता है। ये सिर्फ 7 सेकंड का वीडियो है, जो कब खत्‍म गया, पता ही नहीं चलता। घटना का वीडियो सीसीटीवी मे कैद हो गया। इस वीडियो को देखकर आपके रौंगटे खड़े हो जाएंगे।

गौरतलब है कि नासिक में तेंदुए के किसी शख्‍स पर हमला करने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। वन विभाग अब इस तेंदुए को खोजने में जुट गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि, तेंदुए के पैरों के निशान से उसका पता लगाया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नासिक जिले के घने जंगलों में तेंदुए, भेड़िए, लोमड़ियां और लकड़बग्घे आदि आमतौर पर पाए जाते हैं। कई बार ये खाने की तलाश में जंगलों से बाहर रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं।