ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

संगीतकार वाजिद खान का निधन, बॉलीवुड सितारों ने जताया शोक

मुंबई: बॉलिवुड का प्रख्यात सितारा वाजिद खान अब हमारे बीच नहीं रहे। बॉलीवुड संगीतकार वाजिद खान का कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण से रविवार रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 42 वर्ष के थे।
जानकारी के मुताबिक, वाजिद पहले से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें रविवार की रात कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल लाया गया और वेंटिलेटर पर रखा गया था। जहां उनका निधन हो गया। उनकी जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
संगीतकार साजिद के साथ साजिद-वाजिद की जोड़ी के रूप में वाजिद खान ने ‘प्यार किया तो डरना क्या’, ‘दबंग’, ‘वांटेड’ और ‘एक था टाइगर’ जैसी फिल्मों में संगीत दिया था। उन्होंने ‘भाई-भाई’ और ‘प्यार करोना’ जैसी लॉकडाउन गीतों को भी संगीतबद्ध किया था। म्यूजिक डायरेक्टर वाजिद खान अभिनेता सलमान खान के सबसे करीबी थे।

मधुर संगीत से श्रोताओं को बनाया दीवाना
वाजिद खान को एक ऐसी शख्सियत के तौर पर याद किया जाएगा, जिन्होंने न सिर्फ अपनी मधुर धुनों से बल्कि अपनी खनकती आवाज से भी दर्शकों और श्रोताओं के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। वाजिद का जन्म उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुआ था। वाजिद को संगीत की कला विरासत में मिली। उनके पिता उस्ताद शराफत अली खान जाने-माने तबला वादक और म्यूजिक अरेंजर्स थे। वाजिद के पिता ने फिल्म इंडस्ट्री के कई फेमस म्यूजीशियन्स के साथ काम किया था। वाजिद के दादा उस्ताद अब्दुल लतीफ खान पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित हुए संगीतकार और वादक थे। वाजिद के दादा सारंगी बजाया करते थे। वाजिद खान और उनके भाई साजिद खान ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता उस्ताद शराफत अली खान से ली।

साजिद-वाजिद की जोड़ी ने सलमान की कई फिल्मों में अपना दमदार संगीत दिया। गर्व, तेरे नाम, तुमको ना भूल पाएंगे, मुझसे शादी करोगी, पार्टनर, वॉन्टेड, हैलो, गॉड तुस्सी ग्रेट हो, वीर, दबंग सीरीज, एक था टाइगर शामिल हैं। बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में साजिद वाजिद की जोड़ी ने कमाल दिखाया। वाजिद के बारे में कहा जाता है कि वह एक बहुत ही सीधे साधे और हंसमुख इंसान थे। साजिद-वाजिद की जोड़ी ने सोनू निगम की एल्बम ‘दीवाना’ में भी संगीत दिया था। फिल्म दबंग में अपने दमदार संगीत के लिए उन्हें 2011 में फिल्मफेयर पुरस्कार से भी नवाजा गया था।

बॉलीवुड सितारों ने जताया शोक
वाजिद खान के निधन पर बॉलीवुड सितारों ने शोक जताया है। संगीतकार जोड़ी सलीम-सुलेमान के सलीम मर्चेंट ने ट्वीट किया कि साजिद-वाजिद फेम के मेरे भाई वाजिद के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। अल्लाह परिवार को ताकत दे। आप बहुत जल्दी चले गए यह हमारी बिरादरी के लिए एक बड़ा नुकसान है। मैं हैरान हूं और टूट गया हूं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने वाजिद खान के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया कि बहुत बुरी खबर, वाजिद खान भाई के बारे में एक बात जो मुझे हमेशा याद रहेगी वो है वाजिद भाई की हंसी। हमेशा मुस्कुराता, बहुत जल्दी चले गए। उनके परिवार और शोक व्यक्त करने वाले लोगों के प्रति मेरी संवेदना। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले मेरे दोस्त। तुम मेरी सोच एवं प्रार्थना में हो।

प्रीति जिंटा ने लिखा कि मैं उन्हें दूसरी मां का भाई कहती थी। अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली होने के अलावा वह बहुत सभ्य और मधुर थे। मैं इतनी दुखी हूं कि मैं प्रिय वाजिद को गुडबाय भी नहीं बोल सकी। मैं हमारे साथ के सेशन को हमेशा याद रखूंगी। गायिका हर्षदीप कौर भी उनके निधन पर काफी दुखी हैं। उन्होंने लिखा कि वाजिद खान के परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। अभी भी विश्वास नहीं कर पा रही कि वे इस दुनिया में नहीं रहे। हमेशा उन्हें मुस्कुराते और आनंदित होते हुए देखा। संगीत जगत को बड़ा नुकसान।

गायक सोनू निगम ने साजिद-वाजिद के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा है कि मेरे भाई वाजिद खान हमें छोड़कर चले गए। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने ट्वीट किया कि वाजिद भाई आप सबसे अच्छे इंसान थे। हमेशा मुस्कुराते रहते थे। हमेशा गाते रहते थे। उनके साथ हर संगीत सत्र यादगार रहा। आप सच में बहुत याद किए जाएंगे वाजिद भाई। अभिनेता वरुण धवन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वाजिद खान भाई मेरे और मेरे परिवार के बेहद करीब थे। वह आसपास रहने वाले सबसे सकारात्मक लोगों में से एक थे। हम आपको याद करेंगे वाजिद भाई। संगीत के लिए धन्यवाद। गायक मीका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट लिखा कि हम सभी के लिए बहुत दुखद समाचार। सबसे प्रतिभाशाली गायक और संगीतकार जिन्होंने इतने हिट दिए हैं मेरे बड़े भाई वाजिद खान हमें छोड़कर चले गए। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे।

सुपुर्द-ए-खाक हुए वाजिद खान
वाजिद के शव को अंतिम संस्कार के लिए सुवर्णा अस्पताल चेंबूर से ले जाकर वर्सोवा कब्रिस्तान में अंतिम विदाई दी गई। ये वही मैदान है जहां पिछले दिनों मशहूर अभिनेता इरफान खान के शव को भी दफन किया गया था। वाजिद के भाई साजिद खान और उनके परिवार के सदस्य कब्रिस्तान पहुंच थे, इस दौरान साजिद खान और वाजिद के परिवार वाले मास्क लगाए और ग्लब्स पहने पूरी सुरक्षा के साथ दिखे।वाजिद को यहीं सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वाजिद खान को अंतिम विदाई देने के लिए उनके परिवार के साथ-साथ कुछ बॉलीवुड स्टार्स भी पहुंचे। बॉलीवुड एक्टर आदित्य पंचोली को इस दुखद घड़ी में खान परिवार के साथ देखा गया।