दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: रेल मंत्री पीयूष गोयल की मां चंद्रकांता गोयल का निधन!

नयी दिल्ली/मुंबई: केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल की मां चंद्रकांता गोयल का शनिवार सुबह निधन हो गया. यह जानकारी रेलमंत्री ने खुद एक ट्वीट के जरिए दी.
पीयूष गोयल ने लिखा- ‘अपने स्नेह, और प्रेम से मुझे हमेशा राह दिखाने वाली मेरी पूज्य माता जी का आज सुबह स्वर्गवास हो गया. उन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा करते हुए बिताया, और हमें भी सेवाभाव से जीवन बिताने को प्रेरित किया. ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों मे स्थान दें. ॐ शांतिः’!
बता दें कि चंद्रकांता गोयल मुंबई के माटुंगा निर्वाचन क्षेत्र से कई बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से विधायक रह चुकी हैं. उनके कार्यकाल में क्षेत्र में किये गए विकास कार्यों की जनता आज भी गुणगान करती है. साफ-सुथरी छवि, बेहद सरल स्वभाव व मृदुभाषी व्यवहार के लिए गोयल मैडम काफी लोकप्रिय थीं. वे काफी दिनों से शारीरिक बिमारियों के चलते घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं. आज उनके आकस्मिक निधन की खबर सुनते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता में शोक की लहर दौड़ पड़ी. उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए आज दोपहर १२ बजे स्थानीय विधायक कैप्टन तमिल सेल्वन (बीजेपी) कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है. यह जानकारी सायन-कोलीवाड़ा मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने दी.