दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: पाकिस्तान से धमकी भरी कॉल आने के बाद बढ़ाई गई ताज होटल के बाहर की सुरक्षा

मुंबई: मुंबई पुलिस ने धमकी भरी कॉल आने के बाद मंगलवार को ताज होटल और ताज लैंड्स एंड होटल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुंबई में 26/11 को हुए आतंकवादी हमले के दौरान पाकिस्तानी आतंकवादियों के निशाने पर शामिल स्थलों में गेटवे ऑफ इण्डिया के सामने स्थित ऐतिहासिक ताज होटल भी था। अधिकारी ने कहा कि ताज होटल और बांद्रा स्थित ताज लैंड्स एंड होटल को धमकी भरी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने होटलों पर हमले की धमकी दी थी।

कॉल करने वाले शख्स ने कहा है कि होटल पर उनके लोगों द्वारा हमला किया जाएगा और उसे उड़ा दिया जाएगा, जैसे कि नवंबर 2008 में हुआ था। इसके बाद दूसरा कॉल बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड होटल में किया गया। वहां भी कॉल रिसीव करने वाले स्टाफ को इसी अंदाज में धमकी दी गई। कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है। और आतंकी संगठन लश्कर-ए तैयबा का सदस्य है। बताया जा रहा है कि दोनों जगह एक ही नंबर से कॉल किया गया, ये कॉल बीती रात 12:30 बजे पाकिस्तान से किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कॉल कहां से की गईं। उन्होंने बताया कि होटल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद होटल की सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारी ने कहा कि होटलों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और इनसे जुड़ी सड़कों पर आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कराची एक्सचेंज पर हुए हमले के बाद मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर है और आतंकवाद-रोधी उपायों को पुख्ता करते हुए होटल तथा अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।