नासिकब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

नाशिक में बिना लॉटरी के मिल रहा म्हाडा का घर, पहले आओ, पहले पाओ

मुंबई: यदि आप नाशिक में घर खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए एक अच्छा मौका है। म्हाडा नाशिक में बने 639 की लॉटरी न निकालकर पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर घरों को बेच रही है। हालांकि घर खरीदने के लिए आवेदन करना होगा।

मुंबई के बांद्रा स्थित म्हाडा दफ्तर में घर खरीदने के लिए आवेदन किया जा सकता है। घर के खरीदार नहीं होने पर म्हाडा ने नाशिक में बने घरों को बेचने के लिए यह जुगत लगाई है। इसके लिए घरों को बेचने के लिए लॉटरी न निकालते हुए पहले आओ, पहले पाओ पर बल दिया है। म्हाडा घरों के लिए आवेदन मंगाएगी, जो पहले आवेदन करेगा, उसे घर दिया जाएगा। म्हाडा ने इससे पहले यह योजना मुंबई में चलाई थी, जब म्हाडा के घरों की बिक्री नहीं हो रही थी। नाशिक मंडल ने इससे पहले 24 घरों की लॉटरी निकाली थी। अब 639 घरों की बिक्री करने जा रही है। नासिक और श्रीरामपुर (अहमदनगर) में ये घर हैं। पहले आने वाले आवेदकों की पात्रता निश्चित होने के बाद पात्र आवेदकों को पूरी रकम एक साथ देनी होगी।
मध्यम आय वर्ग के लिए नासिक के मखमलाबाद में 83, आडगाव में 90, पाथर्डी शिवार में 95, म्हसरूल में 21 घर हैं। निम्न आय वर्ग के लिए नाशिक में 76, रेलवे लाइन के पास पंचक में 66 घर हैं। अहमदनगर जिले के श्रीरामपुर के बोरावके नगर के पास टू बीएचके के 77, वन बीएचके के 61 घर और वन आरके के 2 घर उपलब्ध हैं। अति निम्न आय वर्ग के लिए नाशिक के आडगांव में वन बीएचके के 67 और वन आरके का एक घर उपलब्ध है। इन घरों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरु हो गई है। नाशिक मंडल के गृहनिर्माण भवन, गडकरी चौक कार्यालय में आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।

म्हाडा के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वैशाली गडपाले ने बताया कि यदि कोई मुंबई निवासी नासिक में घर खरीदना चाहते हैं तो मुंबई के बांद्रा कार्यालय जनसंपर्क विभाग के कक्ष क्रमांक 20 में आवेदन कर सकते हैं। यहां पर आवेदन पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी। घर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सहित अन्य वर्गों के लिए रिजर्व हैं। हालांकि जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है। इन घरों की कीमत 6 लाख से 23 लाख रुपए है।