उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

भूमिपूजन के लिए अयोध्या नहीं जाएंगे CM उद्धव ठाकरे, शिवसेना ने राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट को दिया एक करोड़ का दान

मुंबई: शिवसेना पक्ष प्रमुख तथा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 5 अगस्त को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। सोमवार को शिवसेना सांसद संजय राऊत ने यह स्पष्ट कर दिया। राऊत ने कहा कि भूमिपूजन के निमंत्रण के लिए कोई रुका नहीं है। यह कोई शादी या बारात समारोह नहीं है। हम इसको राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते। अयोध्या और उसके आसपास के इलाकों में कोरोना संक्रमण का कहर है। वहां पर भी परिस्थिति गंभीर है।

राऊत ने कहा मुख्यमंत्री ठाकरे अयोध्या बाद में भी जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी भी नहीं जा पा रहे हैं। सबके अपने-अपने कारण हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में जा रहे हैं। हमारी उन्हें शुभकामनाएं हैं। राऊत ने कहा कि राम मंदिर के लिए शिवसेना का योगदान रहा है। अयोध्या में जो राम मंदिर बनने जा रहा है उसकी नींव भी हमने रखी है। अगर बाबरी विध्वंस नहीं होता तो मंदिर कैसे बनता? भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदु परिषद ने यह कबूल किया है कि बाबरी का विध्वंस शिवसैनिकों ने किया है।
शिवसेना नेता राऊत ने बताया कि शिवसेना ने राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट को एक करोड़ रुपए दान दिया है। इससे पहले 21 जुलाई को राऊत ने कहा था कि मुख्यमंत्री अयोध्या में भूमिपूजन के कार्यक्रम में जाएंगे। मुख्यमंत्री को अयोध्या जाने के लिए निमंत्रण की जरूरत नहीं है।