क्रिकेट और स्पोर्टदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान एम एस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा!

नयी दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस पर टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान एम एस धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया! 39 साल के पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए आखिरी मैच 2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था जो सेमीफाइनल मुकाबला था। इस मैच में भारत को हार मिली थी और इसके बाद से ही धोनी के क्रिकेट करियर को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे थे। अब माही ने अचानक से क्रिकेट को अलविदा कह दिया। धोनी ने अपने रिटायरमेंट की खबर अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी।
बता दें कि धोनी टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान रहे हैं जिन्होंने अपनी अगुआई में भारत को सफलता की नई बुलंदियों पर पहुंचाया था। किसी को शायद ही पता था कि महेंद्र सिंह धोनी को जब टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी जाएगी तो वो इस टीम को उस बुलंदी तक पहुंचा देंगे जिसकी कल्पना भी शायद ही की जा सकती है। राहुल द्रविड़ द्वारा कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी के हाथ में कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने साल 2007 में पहली बार आयोजित टी-20 वर्ल्ड कप में युवा भारतीय खिलाड़ियों के साथ साउथ अफ्रीका में भारत का परचम लहरा दिया। धोनी ने अपने इस अंदाज से दिखा दिया कि आगे वो क्या करने वाले हैं।
इसके बाद उनका सफर आगे बढ़ता गया और टीम एक से बढ़कर एक नई कामयाबी हासिल करती रही। फिर वक्त आया साल 2011 का जब भारत में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन किया गया। ये टीम इंडिया के लिए सुनहरा मौका था अपनी धरती पर अपने फैंस के सामने फिर से दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतने का। माही की अगुआई में टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में अपना सफर शुरू किया और 28 साल के बाद धोनी ने एक बार फिर से देश के देशवासियों को वो खुशियां दी जिसका इंतजार 1983 के बाद से लगातार किया जा रहा था। धोनी ने भारत को दूसरा वनडे वर्ल्ड कप खिताब दिलाया।

धोनी की सफलता का कारवां यही नहीं रुका वो आगे बढ़ते रहे, टीम इंडिया भी आगे बढ़ती रही और फिर साल 2013 में उन्होंने आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी टीम को दिलवाया। उनकी कप्तानी में भारत ने दो बार यानी साल 2010 और 2016 में एशिया कप खिताब भी जीता था। माही दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने आइसीसी के सारे खिताब अपनी कप्तानी में जीते। महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट की कप्तानी भी पूरी दुनिया को चौंकाते हुए अचानक से छोड़ दी थी और एक बार फिर से उन्होंने अपने चाहने वालों को चौंकाते हुए एक बड़ा फैसला लिया।

अब इंटरनेशनल क्रिकेट में माही का अंदाज तो हमें देखने को नहीं मिेलेगा। धोनी का नाम सामन आते ही उनका कूल अंदाज नजर के सामने आता है जो किसी भी परिस्थिति में अपना आपा नहीं खोता था। कप्तान के तौर पर तो धोनी हिट थे ही एक खिलाड़ी यानी बल्लेबाज व विकेटकीपर के तौर पर भी उन्होंने जो पहचान बनाई वो अपनेआप में काबिले तारीफ है। पाकिस्तान के खिलाफ लंबे बालों में जब उन्होंने शतकीय पारी खेली तो वहां के उस वक्त राष्ट्रपति रहे परवेज मुशर्रफ ने भी कहा था- आप अपने बाल मत कटवाना, आप इसमें बहुत कूल दिखते हैं। ये था माही का अंदाज और अब यही अंदाज हमें इंटरनेशनल क्रिकेट मैदान पर देखने को नहीं मिलेगा।

15 अगस्त 2020 का दिन यादगार बन गया क्योंकि इस दिन भारत के सबसे सफल कप्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया। धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर 224 रन था। वहीं विकेटकीपर के तौर पर उन्होंने टेस्ट में विकेट से पीछे 256 कैच और 38 स्टंप किए। वनडे कि बात करें तो उन्होंने 350 मैचों में 50.57 की औसत से 10,773 रन बनाए थे और बेस्ट स्कोर नाबाद 183 रन था। वनडे में उन्होंने 321 कैच और 123 स्टंपिंग किए। टेस्ट में उन्होंने 6 शतक लगाए थे जबकि वनडे में उन्होंने 10 शतक लगाए थे। टी20 की बात करें तो उन्होंने 98 मैचों में 1617 रन बनाए थे। टी-20 में उनका बेस्ट स्कोर 56 रन रहा जबकि विकेट के पीछे उन्होंने क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में 57 कैच और 34 स्टंप किए।

माही को साल 2007-08 में राजीव गांधी खेल रत्न, 2009 में पद्म श्री, 2018 में पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया था। वो साल 2008 और 2009 में आइसीसी वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर रहे थे। साल 2011 में उन्हें कैस्ट्रॉल इंडियन क्रिकेटर ऑफ द ईयर के खिताब से नवाजा गया था। धोनी की जिंदगी पर एक फिल्म एम.एस धोनी, द अनटोल्ड स्टोरी भी बनी जो साल 2016 में आई थी और इसे खूब पसंद किया गया था। इस फिल्म में धोनी का चरित्र सुशांत सिंह राजपूत ने निभाया था। जो अब इस दुनिया में नहीं रहे!

शाह बोले, दुनिया मिस करेगी हेलीकॉप्टर शॉट्स
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं भी दुनिया भर में लाखों क्रिकेट प्रशंसकों की शुभकामनाओं में शरीक हूं। भारतीय क्रिकेट में अद्वितीय योगदान के लिए मैं महेंद्र स‍िंह धोनी को धन्‍यवाद देता हूं। उनके शांत स्वभाव ने भारत के पक्ष में कई गर्म मोड़ दिए हैं। उनकी कप्तानी में भारत को क्रिकेट के विभिन्न प्रारूपों में दो बार विश्व चैंपियंस का खिताब हासिल हुआ। धोनी ने क्रिकेट की अपनी अनूठी शैली के जरिए लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध किया। मुझे उम्मीद है कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट को मजबूत करने की दिशा में अपना योगदान देते रहेंगे। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। दुनिया विश्‍व कप में हेलीकॉप्टर शॉट्स को मिस करेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले-अच्‍छा खेले मिस्‍टर धोनी
बहुत बढ़िया…अच्‍छा खेले मिस्‍टर धोनी! आपने अपने प्रदर्शन और नेतृत्व के दम पर विश्व क्रिकेट के शिखर पर भारत का नाम रोशन किया। हर भारतीय को आप पर गर्व है। आपकी अगली पारी के लिए मेरी शुभकामनाएं!