Uncategorisedमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

50 साल का CA ‘आई लव यू’ लिखने के आरोप में गिरफ्तार..!

मुंबई , चेंबूर में 50 साल के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को उसकी ‘कलाकारी’ के चलते गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी केतन शाह ने बार-बार शहर की अलग-अलग दीवारों पर एक लड़की के नाम से मेसेज लिख डाला, जिसके चलते उनके खिलाफ लड़की ने शिकायत दर्ज कराई। पहले पुलिस ने कुछ दिनों तक चुपके से मेसेज लिखने/पेंटिंग बनाने वाले इस शख्स को फॉलो किया फिर उसकी कार से मिली जानकारी के चलते गिरफ्तार कर लिया।
केतन पर आरोप है कि उन्होंने कई साइनबोर्ड्स, मेट्रो प्रॉजेक्ट बैरियर्स, दीवारों और सड़क के आस-पास जो भी चीजें मिलीं, उन पर लड़की के लिए मेसेज लिख डाला। पहले तो इन मेसेजेस पर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया लेकिन जब महिला के घर के बार ही ‘आई लव यू’ लिख दिया गया तो महिला ने शिकायत दर्ज कराई। महिला ने दिसंबर महीने में ही तिलक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि इस तरह के जितने भी मेसेज लिखे जा रहे हैं, वे सब उनके लिए हैं।
मामले की जांच कर रहे सुनील काले कहते हैं, महिला ने बताया कि कोई उनका नाम हर जगह लिख रहा है। यह मामला पकड़ में तब आया, जब उनके घर के बाहर ही नाम लिख दिया गया। छह जगहों का पंचनामा किया गया तो मेसेज एक जैसा ही मिला। फिर हमने अपने मुखबिरों की मदद ली। हमें पता चला कि एक आदमी एसयूवी कार से आता है और दीवार पर कुछ लिख जाता है।
इस तरह की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो केतन शाह, बताए गए समय पर ही उस विडियो में दिखे। अब पुलिस को पर्याप्त सबूत मिल चुका था। पूछताछ में केतन ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही ये सारे मेसेज लिखे हैं। उन्होंने बताया कि मैं लड़की से प्यार करता हूं। मुझे जब पता चला कि मेरे मेसेजेस को फॉलो किया जा रहा है तो मैंने पुलिस को कन्फ्यूज करने के लिए दूसरी लड़कियों के नाम भी लिखे।