चुनावी हलचलराजनीतिशहर और राज्य

राबड़ी को ‘अंगूठा छाप’ कहने पर गरमाई राजनीति

पिता रामविलास पासवान के खिलाफ धरने पर बैठी बेटी..

पटना , लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के चीफ और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की नेता राबड़ी देवी पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर बिहार की राजनीति गर्म हो गई है। रामविलास पासवान की बेटी अपने ही पिता के खिलाफ धरने पर बैठ गई हैं और उन्होंने मांग की है कि पासवान अपने बयान पर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें।
रामविलास पासवान की बेटी आशा रविवार को कई महिलाओं के साथ एलजेपी कार्यालय के सामने पहुंचीं। हाथों में प्ले कार्ड्स लेकर सभी महिलाएं दरी बिछाकर धरने पर बैठ गईं। आशा ने महिलाओं के साथ मिलकर रामविलास पासवान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक उनके पिता अपने बयान पर माफी नहीं मागेंगे, तब तक वह धरने पर बैठी रहेंगी। उनके पिता ने जो बयान दिया है वह सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री (राबड़ी देवी) का ही अपमान नहीं है, बल्कि हर महिला का अपमान है।
क्या बोले थे केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान :
बता दें कि बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव जेडीयू और बीजेपी के साथ मिलकर लड़ने जा रहे पासवान ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को 10 फीसदी आरक्षण का विरोध करने को लेकर आरजेडी पर निशाना साधा था।
मेरी मां को पिता ने इसलिए छोड़ा था :
आशा ने कहा कि उनके पिता ने यह बयान देकर राबड़ी देवी को अपमानित किया है, इससे हम सभी महिलाएं दुखी हैं। उन्हें ऐसा नहीं बोलना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया, मेरी मां भी अनपढ़ थीं, जिसके कारण पिता (पासवान) ने उन्हें छोड़ दिया।
आशा पासवान रामविलास की पहली पत्नी राजकुमारी देवी की पुत्री हैं। आशा के पति साधु पासवान पिछले साल आरजेडी में शामिल हो गए थे। पिछले साल साधु पासवान ने घोषणा की थी कि आरजेडी की ओर से टिकट दिए जाने पर वह हाजीपुर लोकसभा सीट से रामविलास के खिलाफ लड़ने के लिए तैयार हैं।