मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

टीवी अभिनेता से मिलने की चाह में घर से भाग मुंबई पहुंचा 14 साल का बच्चा, पुलिस की मदद से पंहुचा घर

हावेरी/बेंगलुरु: अपने फेवरेट टीवी सीरियल ऐक्टर से मिलने की चाहत में कर्नाटक का एक 14 साल का बच्चा घर से भागकर मुंबई चला गया। मुंबई में भटकते हुए एक ऑटोरिक्शा ड्राइवर की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद बच्चे को घर पहुंचा दिया गया। घर से भागने के 3 दिनों के बाद बच्चा परिजन के पास सुरक्षित पहुंच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक 8वीं क्लास में पढ़ने वाला बच्चा, टेलीविजन सीरियल में कृष्ण की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सुमेध मुदगालकर का फैन है। ठाणे में रहने वाले एक परिचित ने बच्चे को वापस घर पहुंचाने में मदद की। उन्होंने बताया कि बच्चे के पास एक नोटबुक मिली, जिसमें अभिनेता के डायलॉग्स से लेकर अड्रेस भी लिखा था।
21 सितंबर को किशोर लड़के ने पैरंट्स को बताए बिना ही मुंबई के लिए बस पकड़ लिया था। मुंबई पहुंचकर वह अपने पसंदीदा अभिनेता की तलाश में सड़कों पर घूमने लगा। वह एक ऑटो में बैठ गया और ऐक्टर का नाम बताकर मिलने की बात कही। मोबाइल में फोटो भी दिखाई। ड्राइवर फौरन सारी बात समझ गया और बच्चे को अंधेरी पुलिस स्टेशन लेकर गया।
मुंबई पुलिस ने बच्चे से पूछताछ के बाद उसके गृह जिले हावेरी की पुलिस से बात की, जिसके बाद बच्चे के लापता होने की पुष्टि हुई। परिजन ने ठाणे में रहने वाले एक रिश्तेदार से बात की, जो बच्चे को घर ले आए। इसके बाद बच्चे के पैरंट्स उसे जाकर ले आए।