ब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

RLSP के आक्रोश मार्च पर लाठीचार्ज

पार्टी चीफ उपेन्द्र कुशवाहा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता घायल..

पटना, बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी द्वारा शनिवार को आयोजित जन आक्रोश मार्च में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। इस लाठीचार्ज में आरएलएसपी के कई नेता और कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हो गए। लाठीचार्ज में घायल आरएलएसपी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कुशवाहा ने नीतीश शासन को निरंकुश बताते हुए सुनियोजित साजिश के तहत लाठीचार्ज कराने का आरोप लगाया है।
बता दें कि शनिवार को बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने जन आक्रोश मार्च निकाला था। इस मार्च के बाद आरएलएसपी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने वाले थे। इस दौरान पुलिस ने आरएलएसपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। इस लाठीचार्ज में आरएलएसपी चीफ उपेन्द्र कुशवाहा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। कुशवाहा ने इस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है।
कुशवाहा ने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने आरएलएसपी कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलवाई हैं। कुशवाहा ने कहा, लाठीचार्ज में मेरे साथ-साथ अनेक पार्टी कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। नीतीश पर हमला बोलते हुए आरएलएसपी ने कहा, बहुत जल्द सत्ता का नशा चकनाचूर हो जाएगा। आखिर कितने उपेन्द्र कुशवाहाओं को लाठी से पिटवाओगे? आपकी चौपट शिक्षा और निरंकुश शासन के विरुद्ध लाखों उपेन्द्र कुशवाहा खड़े हो चुके हैं।