चुनावी हलचलमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

राकांपा – मनसे साथ, कांग्रेस से चल रही बात..!

नेटवर्क महानगर (राजेश जायसवाल) : मुंबई , राकांपा ने राज ठाकरे की मनसे को महागठबंधन में साथ लेने के विचार को सकारात्मक रूप से लिया है। राकांपा नेता अजित पवार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पवार ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ चर्चा की जाएगी। राकांपा सूत्रों ने बताया कि उत्तर भारतीय विरोधी माने जाने वाले मनसे को साथ लेने के मुद्दे पर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर विचार किया जा रहा है। पवार ने संवाददाताओं से कहा, मैंने (मनसे प्रमुख) राज ठाकरे से कल मुलाकात की और पार्टी नेताओं को इस बारे में आज अवगत कराया। हम अब कांग्रेस के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। मनसे के साथ चर्चा आगे बढ़ाने के प्रति हमारी पार्टी में सामान्य माहौल है। बता दें कि पवार और मनसे प्रमुख के बीच बैठक बुधवार को मध्य मुंबई के दादर में हुई थी और यह करीब डेढ़ घंटे तक चली।
राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा अगले पांच – छह दिनों में होने की संभावना है। कांग्रेस और राकांपा गठबंधन सहयोगियों के साथ बात कर रही है और दो – तीन दिनों में चीजों को अंतिम रूप दिया जाएगा। पटेल ने भरोसा जताया कि महागठबंधन महाराष्ट्र में 35 सीटें जीतेगा।