उत्तर प्रदेशचुनावी हलचलदिल्लीराजनीतिशहर और राज्य

लोकसभा चुनाव 2019: प्रियंका का पूर्वांचल दौरा..

वाराणसी , लोकसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस ने पूर्वांचल में अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रदेश के दौरे पर निकलीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 18 मार्च को प्रयागराज पहुंचेंगी। इसके बाद 19 मार्च को भदोही से होकर मिर्जापुर और 20 मार्च को काशी की यात्रा करेंगी।
प्रियंका गांधी काशी की यात्रा के दौरान नमामि गंगे की हकीकत जानेंगी। काशी के साढ़े सात घंटे के दौरे में वह पूर्वांचल के समीकरणों को साधेंगी। इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगी। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने बताया कि प्रियंका गांधी 20 मार्च को सड़क मार्ग से मिर्जापुर से शीतला मंदिर पहुंचेंगी।

वहां दर्शन के बाद महिला सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वह स्टीमर के जरिए शूलटंकेश्वर मंदिर जाएंगी। यहां दर्शन पूजन के बाद वापस रामनगर पहुंचेंगी। देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्मस्थली पर भी जाएंगी।
प्रियंका गांधी मिर्जापुर के चुनार से सुबह नौ बजे सड़क मार्ग से वाराणसी के लिए रवाना होंगी। 10 बजे सुबह शीतला मंदिर में दर्शन पूजन के बाद महिला समूह से मुलाकात करेंगी। 10:30 बजे शीतला मंदिर से शूलटंकेश्वर के लिए रवाना होंगी और 11 बजे शूलटंकेश्वर पहुंचेंगी। 12:25 बजे शूलटंकेश्वर से रामनगर स्टीमर के जरिए प्रस्थान करेंगी। 2:30 बजे रामनगर से अस्सी घाट और 3:30 बजे अस्सी से दशाश्वमेध घाट जाएंगी। स्थानीय लोगों से मुलाकात के साथ जनप्रतिनिधियों से बातचीत करेंगी। बाबा विश्वनाथ के मंदिर में दर्शन पूजन करेंगी। इसके बाद मैदागिन स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं संग बैठक और होली मिलन समारोह में शिरकत करेंगी।

वाराणसी के कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी का पूर्वांचल दौरा रद्द नहीं हुआ है। प्रियंका गांधी का दौरा रद्द होने की अफवाह फैलाई जा रही है। पार्टी जिला स्तर पर उनके आने की तैयारियां और बैठकें कर रही है। भदोही की जिलाध्यक्ष डॉ. नीलम मिश्रा का कहना है कि प्रियंका गांधी का कार्यक्रम रद्द नहीं है। प्रियंका गांधी का सीतामढ़ी आगमन होगा और वहां से जलमार्ग से वह रामपुर जाएंगी। मिर्ज़ापुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि प्रियंका गांधी के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। कार्यक्रम की जिला प्रशासन से अनुमति ले ली गई है।