उत्तर प्रदेशचुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

प्रियंका गांधी बोलीं- तय नहीं किया लेकिन पार्टी कहेगी तो जरूर लड़ूंगी चुनाव

अमेठी, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने पूर्वांचल दौरे के दौरान बुधवार को अमेठी पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव लड़ने को लेकर किए गए सवाल का जवाब देते हुए कहा है कि अगर उनकी पार्टी कहेगी तो वह चुनाव जरूर लड़ेंगी। प्रियंका ने यहां मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा है कि अभी उन्होंने इस बारे में (चुनाव लड़ने के) कुछ तय नहीं किया है लेकिन अगर उनकी पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो वह जरूर लड़ेंगी। इस दौरान उन्होंने उनके मंदिर जाने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई टिप्पणी का भी जवाब दिया है। प्रियंका ने योगी से सवाल किया है कि उन्हें कैसे पता कि वह चुनाव न हो तो मंदिर नहीं जाती हैं?
योगी को कैसे पता कि वह कब और कहां जाती हैं : प्रियंका
बता दें कि गुजरात के गांधीनगर में एक रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा था कि राहुल और प्रियंका सिर्फ चुनावों के वक्त मंदिर जाते हैं और अगर चुनाव नहीं होते हैं तो उनके पास मंदिर जाने का समय नहीं होता है। प्रियंका ने इस पर जवाब देते हुए योगी से पूछा है कि वह कब और कहां जाती हैं, यह बात उन्हें कैसे पता है? उन्होंने आगे कहा कि वह (योगी) कैसे जानते हैं कि जब चुनाव नहीं होते तब वह मंदिर नहीं जाती हैं।
चुनाव लड़ने के सवाल का दिया जवाब :
राजनीति में प्रवेश के बाद यह सवाल अक्सर उठता है कि क्या प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव लड़ेंगी? बुधवार को इस सवाल का जवाब देते हुए प्रियंका ने कहा, ‘मैंने अभी यह तय नहीं किया है। अगर मेरी पार्टी मुझसे (चुनाव) लड़ने के लिए कहेगी तो मैं जरूर लड़ूंगी।’ उन्होंने आगे कहा कि उनकी इच्छा पार्टी के लिए काम करने की है। बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की खोई जमीन वापस लाने की कोशिशों में जुटी हैं। इस मद्देनजर वह कई दिनों से लगातार पूर्वांचल में डटी हुई हैं।