चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

गुरुवार को 91 लोकसभा सीटों पर डाले जाएंगे वोट

नयी दिल्ली, गुरुवार को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के पहले चरण के लोकसभा चुनाव के लिए देश के 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा। इससे कुछ घंटे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाताओं से अपील की। उन्होंने बुधवार शाम वोटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेरी विनम्र अपील है कि आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं और वोट डालें जिससे लोकतंत्र का आधार मजबूत होता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्रयास फलीभूत होंगे, अगर हर एक मतदाता पूरे उत्साह और भरोसे के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लें।
लोकसभा चुनावों के पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। केंद्र में नई सरकार बनाने के लिए सात चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। इनके साथ-साथ पहले चरण में ही आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। ओडिशा विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान भी गुरुवार को होगा। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा पहले चरण में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू एवं कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी कुछ लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा।

मतदान केंद्र के लिए रवाना होता पोलिंग स्टाफ , गुरुवार को पहले चरण में 91 लोकसभा सीटों पर वोटिंग