ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रसातारा

महाराष्ट्र के सतारा जिले में अज्ञात लोगों ने पत्रकार पर पत्थरों से किया जानलेवा हमला

महाराष्ट्र के सतारा जिले में अज्ञात लोगों ने हमला कर एक भाषाई अखबार के पत्रकार को घायल कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि यह घटना गुरुवार रात को हुई जब पत्रकार मुराद पटेल यहां से करीब 250 किलोमीटर दूर सतारा जिले के खंडाला तालुका में अपने घर लौट रहे थे। सतारा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वी सतपुते ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एक भाषाई अखबार में काम करने वाले पत्रकार पर पत्थरों से हमला किया गया। उनके सिर में चोट आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक पटेल का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।