उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

UP के प्रतापगढ़ में पंचायत ने प्रेमी युगल को एक घंटे तक बनाया मुर्गा

उत्‍तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पंचायत ने एक प्रेमी युगल को तालिबानी स्‍टाइल में सजा सुनाई। युवक और महिला को पूरे गांव के सामने एक घंटे तक मुर्गा बनने का फरमान सुनाया गया। कुछ दिन पहले तीन बच्चों की मां अपने प्रेमी संग फरार हो गई थी। पुलिस को मामले की भनक तक नहीं लगी लेकिन जब प्रेमी जोड़े को तालिबानी सजा देने का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना महेशगंज थाना के गुजवर गांव की है जहां के प्रधान पर तालिबानी सजा सुनाने का आरोप है। कुछ दिन पहले जब फरार महिला और उसका प्रेमी गांव वापस लौटे तो घरवाले पुलिस में शिकायत करने की बात करने लगे। इसके बाद गांव में पंचायत सज गई। महिला को अपने पति के साथ रहने का फरमान सुनाया गया जिस पर सभी राजी हो गए। फिर पंचायत ने प्रेमी जोड़े को एक घंटे तक मुर्गा बनने की सजा दी। युवक और महिला को सबके सामने मुर्गा बनने पर मजबूर होना पड़ा।
सोशल मीडिया पर इस संबंध में वायरल विडियो करीब दो दिन पहले का बताया जा रहा है। एसपी एस आनंद ने यह मामला संज्ञान में आने पर जांच का आदेश दे दिया है। एसपी ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आश्‍वासन भी दिया है। पंचायत का यह फैसला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

मुर्गा बने प्रेमी युगल का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल