चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

राधाकृष्ण विखे पाटिल के इस्तीफे के बाद,विपक्ष का नेता बनने के लिए CONGRESS-NCP में रस्साकस्सी

मुंबई, कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के विधानसभा में विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा देने के बाद नए नेता विपक्ष को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस में विजय वट्टेडिवार का नाम आ रहा है, वहीं राकांपा कांग्रेस के विधायक कम होने की सूरत में इस पद पर नजर लगाए बैठी है। भाजपा के नेता व शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने विखेपाटिल द्वारा इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को भेजे जाने के बजाय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजे जाने पर सवाल उठाया है।
शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए तावडे ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष विखेपाटिल का इस्तीफा स्वीकार किया गया तो संख्याबल के आधार पर विधानसभा में विपक्ष का नेता राकांपा का बनेगा, क्योंकि मुंबई के वडाला सीट से कांग्रेस के विधायक कालीदास कोलंबकर भाजपा के साथ काम कर रहे हैं। कणकवली सीट से कांग्रेस के विधायक नीतेश राणे भी कांग्रेस के साथ नहीं हैं। औरंगाबाद के सिल्लोड से कांग्रेस विधायक अब्दुल सत्तार को बगावत के कारण पार्टी से निकाल दिया गया है। ऐसी स्थिति में विपक्ष का नेता पद अब राकांपा के पास जाने की संभावना है।
महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस के 42 विधायक है जबकि राकांपा के विधायकों की संख्या 41 है। यदि कांग्रेस का एक भी विधायक पार्टी छोड़ता है तो स्वभाविक रूप से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विपक्ष के नेता पद पर दावा करेगी। हालांकि लोकसभा चुनाव के बाद विधानमंडल का मॉनसून सत्र आखिरी अधिवेशन होगा। करीब 6 माह के भीतर ही विधानसभा चुनाव होंगे।