चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई में 325 मतदान केंद्र संवेदनशील, मुंबई पुलिस ने किया सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम…

पुलिस मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम के सीसीटीवी से पूरे शहर को किया जाएगा मॉनिटर…

मुंबई में सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत हो रहे मतदान से पहले मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर लिए हैं। मुंबई में कुल 6 लोकसभा सीटों के लिए कुल 10073 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 325 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इसे देखते हुए 40,600 पुलिसकर्मियों का बंदोबस्त पर लगाया गया है। इनमें एसआरपीएफ की 12, सीपीएमएफ की 14 टुकड़ियों के अलावा 6000 होमगार्ड्स भी शामिल हैं।
दरअसल, पिछले सप्ताह श्रीलंका में हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में भी मुंबई में मतदान के दिन फोर्स वन, क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉंस टीम)और ऐंटि टेरर सेल को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। मुंबई में नाकाबंदी बढ़ा दी गई है और होटलों और लॉज में आने वालों की पृष्ठभूमि पूछी जा रही है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुंबई में कुल 6 लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना हैं। कुल 10073 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें 7472 उपनगरों में, जबकि 2601 मुंबई में होंगे। 325 संवेदनशील केंद्रों पर अन्य मतदान केंद्रों की तुलना में अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाई जाएगी।
पुलिस ने जमानत पर बाहर चल रहे कुल 204 आरोपियों को मुंबई से तड़ी पार कर दिया है। 6 आरोपियों को एमपीडीए के तहत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 5765 अपराधियों को सीआरपीसी के सेक्शन 149 के तहत नोटिस जारी किए हैं। सीआरपीसी के सेक्शन 107 के तहत 6029 लोगों से, सेक्शन 110 के तहत 1665 अपराधियों से और सेक्शन 109 के तहत 423 लोगों से बॉन्ड भरवाए गए हैं कि ये लोग मतदान के दिन शहर में कानून-व्यवस्था भंग नहीं करेंगे।
मुंबई पुलिस ने पिछले एक पखवाड़े में मुंबई में कुल 391 अवैध हथियार जब्त किए हैं और 4833 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया है। 10 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की 2648 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। इस मामले में कुल 510 केस अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने शहर में 35 अलग-अलग छापों में कुल 10 करोड़ 50 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की है।

सीसीटीवी से शहर पर पैनी नज़र :
सोमवार को मतदान के दिन पुलिस मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम के सीसीटीवी से भी पूरे शहर को मॉनिटर किया जाएगा। मुंबई पुलिस के खुद के 6 हजार कैमरे शहर में लगे हैं। सभी मतदान केंद्रों के अंदर अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं।

17 सीटों पर 323 उम्मीदवार मैदान में :

कल जिन लोकसभा सीटों पर मतदान होगा उनमें मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, नंदुरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मावल, शिरूर और शिरडी शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया पर उन रिपोर्टों को खारिज किया है कि वोटर-वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) के लिए ईवीएम बटन को 7 सेकंड तक दबाना पड़ेगा। आयोग ने कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि बटन दबाते ही तत्काल पर्ची निकलती है।
सोमवार को 17 लोकसभा सीटों पर होने वाले मतदान में सबसे अधिक मतदाता ठाणे सीट पर 23,70,276 हैं, जबकि मुंबई दक्षिण-मध्य सीट पर 14,40,142 मतदाता हैं। आयोग ने इन सीटों पर मतदान के लिए 33,314 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन पर 68,018 बैलेटिंग यूनिट, 39,977 कंट्रोल यूनिट और 43,309 वीवीपीएटी-ईवीएम स्थापित किए गए हैं। सभी सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम छह बजे समाप्त होगा।