चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

कांग्रेस के 10 विधायकों को BJP ने दिया पैसा और पद देने का प्रलोभन: CM कमलनाथ

भोपाल, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि भाजपा नेता राज्य में कांग्रेस की सरकार गिराना चाहते हैं। भाजपा नेताओं के कांग्रेस के 10 विधायकों के पास फोन आए हैं, जिसमें उन्हें पैसा और पद देने का प्रलोभन दिया गया। लेकिन, मुझे अपनी पार्टी के विधायकों पर पूरा भरोसा है। इससे पहले प्रदेश सरकार में मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर ने भी भाजपा नेताओं पर 50 करोड़ रुपए देकर कांग्रेस विधायकों को खरीदने की पेशकश का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि एग्जिट पोल मनोरंजन का जरिया है। भाजपा उस पर जश्न मना रही है। सोशल मीडिया पर भी इसे घोटाला बताया जा रहा है। 23 मई को नतीजे सबके सामने आ जाएंगे। वहीं, फ्लोर टेस्ट पर कमलनाथ ने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए इस तरह की मांग कर रही है। हम पिछले 4 महीने में 4 बार फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित कर चुके हैं। अगर अभी भी भाजपा ये चाहती है तो हम एक बार फिर बहमुत साबित कर देंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
पीसीसी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव जी ने देश को नई दिशा दी। आज लैपटॉप मोबाइल ये सब राजीव गांधी की सोच थी। जब राजीव गांधी कम्प्यूटर और आईटी लाए थे तो लोग हंसते थे। लोग कहते थे ये बेकार है, लेकिन आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का ही ये काम है, जिसके कारण देश की पहचान दुनिया में बनी।