चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

करारी शिकस्त देने के बाद शीला दीक्षित से मिलने पहुंचे मनोज तिवारी, लिया आशीर्वाद

नयी दिल्ली, राजधानी दिल्ली की उत्तर पूर्वी सीट से लोकसभा चुनाव 2019 में जीत हासिल करने वाले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी शनिवार को अपनी प्रतिद्वंदी और सीनियर नेता शीला दीक्षित से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें मनोज तिवारी शीला से आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं। बता दें कि नॉर्थ ईस्ट सीट पर मनोज तिवारी ने शीला को करारी शिकस्त देकर ही जीत दर्ज की है।

दूसरे नंबर पर रहीं थी शीला
दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित वर्तमान में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इस बार वह नॉर्थ ईस्ट सीट से चुनाव लड़ीं लेकिन मनोज तिवारी के हाथों हार गईं। तिवारी ने उन्हें यहां पूरे 366102 वोटों से हराया। मनोज तिवारी को कुल 787799 वोट मिले थे। वहीं 421697 वोटों के साथ शीला दूसरे नंबर पर रहीं। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता दिलीप पांडेय को यहां से सिर्फ 190856 वोट मिले।

बता दें कि चुनावी प्रचार के दौरान भी मनोज तिवारी या शीला दीक्षित ने एक दूसरे के खिलाफ कोई गलत या विवादित बयानबाजी नहीं की थी। अब जीत के बाद शीला का आशीर्वाद लेकर मनोज ने जनता को नया संदेश दिया है।
दिल्ली में कांग्रेस की हार को शीला ने निराशाजनक बताया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को जीतना चाहिए था। हालांकि, शीला ने इस बात पर संतोष जताया कि कांग्रेस ने ज्यादातर सीटों पर आम आदमी पार्टी को तीसरे स्थान पर धकेल दिया।