ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

टीवी अभिनेता अभिमन्यु चौधरी पर सैलून में घुसकर कर्मचारी पर चाकू से हमला करने के आरोप में मामला दर्ज,पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई, फिल्म ‘शमिताभ’ में काम कर चुके एक्टर अभिमन्यु चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर एक सैलून में घुसकर हंगामा करने और उसके कर्मचारी को चाकू से घायल करने के आरोप लगे हैं। घटना 16 मई की है लेकिन अभिमन्यु की गिरफ्तारी सोमवार शाम को हुई है।
ओशिवरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अभिमन्यु की एक महिला दोस्त अंधेरी के लोखंडवाला स्थित Lemon सैलून में गई थी। आरोप है कि वहां के कर्मचारी ने महिला संग बदसलूकी की और उसे गलत तरीके से छुआ। जिसके बाद उन्होंने फोन कर अभिमन्यु को वहां बुलाया। अभिमन्यु सैलून में एक चाकू लेकर पहुंचे, सैलून वाले से उसकी बहस हुई और वहां मौजूद एक कर्मचारी पर हमला कर दिया। उनके साथ आये एक शख्स ने कुछ अन्य कर्मचारियों संग मारपीट भी की।
पुलिस ने अभिमन्यु और उसके दोस्त के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 324 और 326 मामला दर्ज करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने भी दर्ज करवाई शिकायत
इस मामले में पीड़ित लड़की ने घटना के चार दिन बाद सैलून के कर्मचारी के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि सैलून के कर्मचारी ने उन्हें गलत तरीके से छुआ था। लेकिन अस्पताल में भर्ती होने के चलते सैलून कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
‘कसौटी जिंदगी की 2’ में काम को लेकर सुर्खियों में आये थे अभिमन्यु
अभिमन्यु चौधरी का नाम उस वक्त ‘कसौटी जिंदगी की 2’ में अनुराग बसु के किरदार के लिए सुर्खियों में आया था। लेकिन यह बात सिर्फ अफवाह साबित हुई और यह रोल पार्थ सामथान को मिल गया।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि अभिमन्यु सैलून में हाथ में बड़ा सा चाकू लेकर आये थे और कई बार उन्होंने कर्मचारियों पर हमले की कोशिश भी की। एक दो बार तो अभिमन्यु की गर्लफ्रेंड ने उन्हें रोकने की भी कोशिश की। पुलिस ने अभिमन्यु के पास से चाकू बरामद कर लिया है।