ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

..अब घर बैठे मिल सकेगी बारिश की सटीक जानकारी

मौसम विभाग ने तैयार किया आधुनिक ऐप

(फाइल फोटो)

मुंबई, महानगर में मॉनसून की शुरुआत अभी नहीं हुई है, लेकिन इसको लेकर मौसम विभाग ने लगभग सभी तैयारियां कर ली हैं। मुंबईकरों को बारिश की रीयल टाइम जानकारी बेहतर तरीके से देने के लिए महानगर में ऑटोमैटिक रेन गेज की संख्या बढ़ाई गई है, वहीं इसकी जानकारी लोगों को घर बैठे मिल सके इसके लिए आधुनिक ऐप तैयार किया गया है।
मुंबईकरों को घर बैठे बारिश की सटीक जानकारी देने के लिए मौसम विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘मुंबई वेदर लाइव’ ऐप को पहले से अधिक कारगर बनाया गया है। इस ऐप के जरिए मुंबई के किसी भी हिस्से में होने वाली बारिश की लाइव जानकारी लोगों को मिल सकेगी। अधिक से अधिक एरिया को रेन गेज के तहत लाने के लिए मौसम विभाग ने महानगर में रेन गेज की संख्या भी बढ़ाई है और केवल एक महीने में 50 नए ऑटोमैटिक रेन गेज लगाए हैं।
मौसम विभाग पश्चिम भारत के उपमहानिदेशक के.एस. होसालिकर ने बताया कि इस साल मॉनसून में कुल 140-145 रेन गेज कार्य करेंगे, जो अब तक 90 थे। इससे लोगों को उनके इलाके में होने वाली बारिश के अलावा ही महानगर के दूसरे हिस्से में कितनी बारिश हो रही है, इसकी भी जानकारी मिल सकेगी। रेन गेज के जरिए बारिश का आंकड़ा ‘मुंबई वेदर लाइव’ ऐप पर उपलब्ध होगा, जिससे हर कोई इसे देख सकता है। अब तक ये ऐप केवल एंड्रायड यूजर्स के लिए था, लेकिन इस साल मॉनसून से पहले हम इसे आईफोन यूजर के लिए भी शुरू कर रहे हैं।
मॉनसून एक्टिविटी फेवरेबल : मॉनसून को लेकर अच्छी खबर है। मौसम विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि मॉनसून एक्टिविटी काफी फेवरेबल है। शनिवार तक ये केरल पहुंच रहा है। इसके कुछ घंटे बाद उत्तर भारत के भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दिख सकती है, हालांकि वहां मॉनसून के पहुंचने में और भी वक्त लग सकता है। के. एस. होसालिकर ने बताया कि एक्सटेंडेड रेन फोरकॉस्ट के अनुसार, अगले 10 दिन में वेस्ट कोस्ट इलाकों में बारिश के संकेत मिले हैं। इस आधार पर अगले सप्ताह तक मुंबई में भी कुछ बारिश दिख सकती है, हालांकि झमाझम बारिश के लिए थोड़ा और समय लग सकता है।
मौसम विभाग (पश्चिम भारत) के उपमहानिदेशक के. एस. होसालिकर ने बताया कि बारिश की संपूर्ण जानकारी के लिए जल्द ही हम एक पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे। मुंबईकरों और आसपास के लोगों को बारिश की सटीक जानकारी के लिए रेन गेज की संख्या बढ़ाने के साथ ही ऐप को अपडेट किया गया है।