महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

कांग्रेस विधायक दल के नेता बने बालासाहेब थोरात

मुंबई, महाराष्ट्र विधानमंडल के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी ने दिल्ली से कांग्रेस विधायक दल के नेता का नाम घोषित कर दिया है। अहमदनगर जिले के विधायक बालासाहेब थोरात को महाराष्ट्र विधानमंडल यानी विधानसभा और विधान परिषद के कांग्रेस विधायक दल का नेता घोषित किया गया है। बालासाहेब थोरात कांग्रेस के पुराने और वरिष्ठ नेता हैं। वह आघाड़ी सरकार में कृषि और राजस्व मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। फिलहाल थोरात संगमनेर से विधायक हैं। थोरात की पहचान कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी से नजदीक चल रहे विधानसभा के पूर्व नेता विपक्ष राधाकृष्ण पाटील के राजनीतिक प्रतिद्वंदी की है। थोरात को विधायक दल का नेता बनाकर कांग्रेस ने अहमदनगर जिले में विखेपाटील की बगावत को चुनौती देने की कोशिश की है।

विधानसभा में वडेट्टीवार और नसीम खान की जोड़ी
कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा सदन में सरकार के विरोध में जोरदार आवाज उठाने वाले विदर्भ से विधायक विजय वडेट्टीवार को कांग्रेस का नेता और मुंबई की समस्याओं पर हमेशा सरकार की खिंचाई करने वाले चांदिवली के विधायक नसीम खान को उपनेता बनाया है। इसे कांग्रेस में नसीम का प्रमोशन माना जा रहा है।

बुरे दौर से गुजर रही कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानमंडल में एक तरह से सोशल इंजिनियरिंग की है। पार्टी ने मराठा थोरात को दोनों सदनों का नेता बनाया है और ओबीसी विजय वडेट्टीवार को विधानसभा में पार्टी का ग्रुप लीडर बनाया है। वहीं, दलित शरद रणपिसे को विधान परिषद में कांग्रेस का ग्रुप लीडर बनाया है। विधानसभा में नसीम खान को पार्टी ने उपनेता घोषित किया है, जो अल्पसंख्यक समुदाय से तो हैं ही, साथ ही उत्तर भारतीय भी हैं।
इसके अलावा पार्टी ने लॉट में विप बनाए हैं, जिसमें सभी वर्ग और जाति को स्थान दिया है। विधानसभा में पार्टी ने के.सी. पाडवी, सुनील केदार, जयकुमार गोरे, यशोमती ठाकुर और प्रणिती शिंदे को विधानसभा में विप बनाया है। विधान परिषद में कांग्रेस का गुट नेता शरद रणपिसे को और उपनेता रामहरी रुपनवार को नियुक्त किया गया है। विधान परिषद में कांग्रेस के प्रतोद पद पर भाई जगताप की नियुक्ति की गई है।

विपक्ष के नेता पद पर दावा
विखे पाटील के इस्तीफे के बाद सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस नेता विपक्ष के पद पर दावा करेगी। विधानसभा में विपक्ष में कांग्रेस ही सबसे बड़ी पार्टी है। महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा, हम सत्र के पहले दिन नेता विपक्ष के पद का दावा अध्यक्ष के समक्ष करेंगे।माना जा रहा है कि कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार विरोधी पक्ष नेता बन सकते है।

विधायक बालासाहेब थोरात