दिल्लीदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र के IG कृष्ण प्रकाश ने रचा नया कीर्तिमान…!

मुंबई, पहली ही कोशिश में ‘रेस अक्रॉस वेस्ट अमेरिका'(रॉ) के सोलो मेल कैटेगिरी में चौथी रैंक लाकर महाराष्ट्र के आईजी कृष्ण प्रकाश ने साइकलिंग में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 1500 किलो मीटर की साइकलिंग कंपटीशन को कृष्ण प्रकाश ने न केवल समय से पहले पूरा कर लिया, बल्कि ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय भी बन गए हैं। कृष्ण प्रकाश ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि वह रैंक में हैं, वर्ना और भी बेहतर रैंक लाते।
साइकलिंग और दौड़ के लिए जाने-जाने वाले आईपीएस कृष्ण प्रकाश के नाम वैसे तो कई रेकॉर्ड हैं, जिसमें अब एक और नया रेकॉर्ड जुड़ गया है। ‘रेस अक्रॉस वेस्ट अमेरिका’ के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि यह न केवल चैलेजिंग था, बल्कि मेरे लिए एकदम नया था। इससे पहले मैंने कभी भी इस प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया था, नतीजतन इसे पूरा करना मेरे लिए किसी चुनौती से कम नहीं था।
इस कंपटीशन को पूरा करने के लिए अमेरिका के चार राज्यों से गुजरना पड़ा। इस दौरान कई बार बेहद अधिक तापमान का सामना करना पड़ा, तो कभी बेहद खतरनाक रास्तों से गुजरना पड़ा। रेस पूरा करने के लिए 56 हजार फीट की ऊंची पहाड़ियों से भी गुजरना पड़ा। इस दौरान कुछ ऐसे भी स्थान आए जहां उमस इतनी तेज थी कि शरीर में तेजी से पानी की कमी होने लगी।
बता दें कि 1500 किमी के इस साइकलिंग रेस को 92 घंटों में पूरा करना होता है, लेकिन कृष्ण प्रकाश इसे 88 घंटों में ही पूरा करने में सफल रहें। इतनी कठिन रेस की तैयारी के बारे में पूछे जाने पर कृष्ण प्रकाश ने बताया कि इसके लिए वह अतिरिक्त समय नहीं निकाल पाते थे, नतीजतन सार्वजनिक छुट्टी के दौरान ही वह इसकी तैयारी कर पाते थे। एनबीटी से बात करते हुए उन्होंने बताया कि इसके लिए वह पुणे से गोवा साइकल चलाकर गए। वहीं कई बार नेताओं की सुरक्षा और अन्य बंदोबस्त में लगी ड्यूटी के बाद वह राज्य के आंतरिक हिस्सों से साइकिल चलाकर ही आए करते थे।