दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

BJP मुख्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी से मचा हड़कंप

नयी दिल्ली, दिल्ली के 6ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद से दिल्ली पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। मध्य दिल्ली पुलिस के डीसीपी के अनुसार धमकी भरा यह फोन कर्नाटक के मैसूर से आया था। पुलिस ने इसके बाद जांच शुरू कर दी है और इसके लिए कर्नाटक पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा मुख्यालय के कंट्रोल रूम में ये धमकी भरा फोन शनिवार सुबह तक़रीबन 11 बजे की गई थी। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्यालय की गहन जांच-पड़ताल की। इसके बाद शुरू हुई जांच में पता चला कि यह फोन मैसूर (कर्नाटक) से किया गया है।
पुलिस ने फोन करने वाले का भी पता लगा लिया है, लेकिन नाम का खुलासा नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि धमकी भरा फोन करने वाला मानसिक रूप से कमजोर है। वह इससे पहले भी कई बार इस तरह की कॉल कर चुका है। मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।