दिल्लीनांदेड़ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

बालासाहेब थोराट होंगे महाराष्ट्र कांग्रेस के नए अध्यक्ष, जल्द हो सकती है घोषणा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बाला साहेब थोराट (फाइल फोटो)

मुंबई, कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे के पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बात की पुष्टि दिल्ली में कांग्रेस की ओर से बुधवार को की गई है। चव्हाण ने इसके पीछे की वजह लोकसभा चुनावों के परिणामो को बताया है।
बता दें कि नयी दिल्ली में 29 जून को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव एवं महाराष्ट्र के प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे की बैठक हुई जिसमें चव्हाण सहित प्रदेश और पार्टी के नेता मौजूद थे। इसी बैठक में चव्हाण ने अपना इस्तीफा दे दिया था।
चव्हाण के इस्तीफे के बाद बालासाहेब थोराट को महाराष्ट्र कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा जल्द हो सकती है। संगमनेर से 2009 में विधायक बने बालासाहेब थोराट दुग्ध सहकारी आंदोलन में योगदान के लिए भी जाने जाते हैं। बालासाहेब थोराट को अभी हाल में विधायक दल का नेता चुना गया है। राधाकृष्ण विखे पाटिल के इस्तीफे के बाद उन्हें यह पद दिया गया। थोराट यूपीए की सरकार में कृषि और राजस्व मंत्रालय का जिम्मा संभाल चुके हैं।

अशोक चव्हाण महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष (फाइल फोटो)

अगले 2 दिन में होगी नए अध्यक्ष की नियुक्ति
अशोक चव्हाण ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा, जैसे ही लोकसभा के नतीजे सामने आए मैंने राहुल गांधी को अपना इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उस समय तक कोई फैसला नहीं किया गया था। इस्तीफा देने के एक सप्ताह बाद मैंने राहुल से फिर कहा कि मेरे लिए संभव नहीं है कि में प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाल सकूं। फिलहाल, मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और अगले एक से दो दिनों में नए महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी।
गौरतलब, है कि इस्तीफा देने के तुरंत बाद चव्‍हाण ने कहा था कि 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार एक सामूहिक जिम्मेदारी है, अकेले पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की नहीं। चव्हाण नांदेड़ लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में थे वह खुद इस सीट से चुनाव हार गए हैं।